फरीदाबाद : रोडरेज विवाद में दो भाईयों को मारी गोली

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : रोडरेज विवाद में दो भाईयों को मारी गोली


फरीदाबाद, 13 नवंबर (हि.स.)। खेड़ी पुल थाना क्षेत्र की भारत कॉलोनी में रोडरेज को लेकर हुए विवाद में दो भाइयों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ब्रेजा कार सवार युवक ने पहले गाली-गलौज की और फिर पिस्टल निकालकर तीन गोलियां चला दीं। इनमें से दो गोलियां प्रशांत (27) और प्रिंस (23) को लगी। प्रशांत की गर्दन के पास और प्रिंस की छाती के पास में गोली लगी है। दोनों को उपचार के लिए सेक्टर-21 ए स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी जसवंत को राउंडअप कर लिया है। भारत कॉलोनी निवासी पीयूष ने बताया कि 12 नवंबर की रात वह अपने भाई प्रिंस, प्रशांत और उसके साले के साथ कार में सवार होकर दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रहे थे। उन्हें अपनी बुआ को लेने जाना था। घर से करीब 100 मीटर दूर सेंट्रल बैंक के पास कई गाडिय़ां खड़ी हुई थीं। इस वजह से रास्ता बंद था और उनकी कार को निकलने के लिए जगह नहीं मिल रही थी। पीयूष के मुताबिक, रास्ता नहीं मिलने पर उन्होंने वहां खड़ी एक ब्रेजा कार के चालक से साइड मांगी। आरोप है कि कार चालक ने रास्ता देने के बजाय अपनी गाड़ी उनके सामने लगा दी। इसके बाद वह कार से नीचे उतरा और उनके साथ गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान उसने पिस्टल निकालकर उन पर तान दी। पीयूष ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान आरोपी ने पिस्टल से तीन गोलियां चलाईं। इनमें से दो गोलियां प्रशांत और प्रिंस को लग गईं। फायरिंग होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद दोनों घायलों को तुरंत सेक्टर-21ए स्थित अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। खेड़ी पुल थाना प्रभारी राकेश ने बताया कि मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जसवंत को राउंडअप कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776257 Articles

Share this story