फरीदाबाद : सर्वे के लिए जा रहे सिविल इंजीनियर की हादसे में मौत

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : सर्वे के लिए जा रहे सिविल इंजीनियर की हादसे में मौत


फरीदाबाद, 27 सितंबर (हि.स.)। फरीदाबाद के बल्लभगढ़ सेक्टर-3 में रविवार को कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार सिविल इंजीनियर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह कंपनी के काम से साइट का सर्वे करने जा रहा था। मृतक की पहचान मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी 26 वर्षीय संदीप कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

सेक्टर-8 थाना पुलिस के अनुसार संदीप कुमार पिछले कई वर्षों से फरीदाबाद में रह रहा था। उसने सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया हुआ था। करीब एक साल पहले ही उसने फरीदाबाद की एक निजी कंपनी ज्वाइन की थी और वर्तमान में सर्विस मैनेजर के पद पर कार्यरत था। वह सेक्टर-56 में किराये के मकान में अकेला रहता था। संदीप के भाई दिनेश ने पुलिस को बताया कि रविवार को संदीप बाइक से सेक्टर-3 में एक साइट देखने के लिए जा रहा था। जैसे ही वह खाटू श्याम मंदिर के पास पहुंचा, तभी एक कंटेनर ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story