फरीदाबाद : डंपर की टक्कर से दो पुलिसकर्मियों की माैत
फरीदाबाद, 26 अगस्त (हि.स.)। फरीदाबाद के सोहना रोड पर बुधवार को तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैफिक पुलिसकर्मी नवीन और उसके साथी अभिषेक की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों पुलिसकर्मी सडक़ पर गिर गए। जानकारी के अनुसार नवीन और अभिषेक बाइक पर सवार होकर सोहना रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सडक़ पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद नवीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं अभिषेक की भी कुछ समय बाद मौत हो गई।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की मौत की सूचना के बाद पुलिस विभाग में भी शोक का माहौल है। पुलिस हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है और डंपर ड्राइवर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

