फरीदाबाद : आजादी की लड़ाई में राजा नाहर सिंह का महत्वपूर्ण योगदान : बीरेंद्र सिंह

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : आजादी की लड़ाई में राजा नाहर सिंह का महत्वपूर्ण योगदान : बीरेंद्र सिंह


पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने दी राजा नाहर सिंह को श्रद्धांजलि

फरीदाबाद, 09 जनवरी (हि.स.)। 1857 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजा नाहर सिंह के बलिदान दिवस पर शुक्रवार को बल्लभगढ़ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बीरेंद्र सिंह ने शिरकत की और राजा नाहर सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर बीरेंद्र सिंह ने कहा कि 1857 की आजादी की पहली लड़ाई में राजा नाहर सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा, लेकिन इतिहास में उन्हें वह स्थान नहीं मिल पाया, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ राजा नाहर सिंह ने जिस साहस और समर्पण के साथ संघर्ष किया, वह आज भी प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के आसपास करीब 200 किलोमीटर के क्षेत्र के लोगों ने देश की स्वतंत्रता की लड़ाई में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। राजा नाहर सिंह का बलिदान आने वाली पीढिय़ों को देशभक्ति और संघर्ष की भावना सिखाता रहेगा। उन्होंने खुशी जताई कि आज का युवा वर्ग अपने इतिहास और वीर शहीदों के बारे में जानने में रुचि ले रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने युवाओं से ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि अपने महापुरुषों और बलिदानियों को याद रखना समाज की जिम्मेदारी है। इससे नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली अतीत की जानकारी मिलती है। कार्यक्रम के दौरान बीरेंद्र सिंह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा फरीदाबाद में आयोजित प्री-बजट मंथन बैठक पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में ऐसे कई मुख्यमंत्री देखे हैं और मौजूदा सरकार केवल बैठकों और घोषणाओं तक सीमित है। उनके अनुसार बजट में आम जनता के हितों को प्राथमिकता नहीं दी जा रही और जमीनी स्तर पर समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story