फरीदाबाद : बिना पोस्टमार्टम शव देने के मामले की होगी जांच, कमेटी गठित

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : बिना पोस्टमार्टम शव देने के मामले की होगी जांच, कमेटी गठित


फरीदाबाद, 24 नवंबर (हि.स.)। जिले के बीके अस्पताल में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव बिना पोस्टमॉर्टम कराए परिजनों को सौंपने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। विभाग ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की है। कमेटी पता लगाएगी कि शव को बिना पोस्टमॉर्टम शवगृह से बाहर ले जाने में किस स्तर पर लापरवाही हुई। पीएमओ डॉ. विकास गोयल ने बताया कि जांच में जिस भी कर्मचारी या अधिकारी की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी 65 वर्षीय दुलारी देवी फरीदाबाद की संजय कॉलोनी में अपनी बेटी आकांक्षा के घर आई हुई थीं। शनिवार रात उन्हें सांस लेने और बोलने में परेशानी हुई। इसके बाद परिजन उन्हें बीके अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला के गले पर निशान देखकर डॉक्टरों को मौत के कारणों पर संदेह हुआ। इसके चलते मेडिको लीगल केस (एमएलसी) दर्ज किया गया और पोस्टमॉर्टम के लिए शव शवगृह में रखवा दिया गया। आरोप है कि रविवार को परिजन शवगृह कर्मचारी पर दबाव बनाकर बिना पोस्टमॉर्टम कराए महिला का शव अपने साथ ले गए। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन या शवगृह की ओर से पुलिस को इसकी जानकारी नहीं दी गई। बाद में पुलिस पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया के लिए अस्पताल पहुंची, तो वहां शव नहीं मिला। जांच में पता चला कि परिजन शव लेकर गाजियाबाद के लाल कुआं पहुंच चुके हैं। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया और गाजियाबाद के लाल कुआं में अंतिम संस्कार रुकवा दिया। इसके बाद शव वापस मंगवाया गया और बीके अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की गठित कमेटी अस्पताल के रिकॉर्ड, शवगृह की प्रक्रिया और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच करेगी। पीएमओ डॉ. विकास गोयल ने कहा कि जांच में लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मचारी या अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782284 Articles

Share this story