फरीदाबाद : वेतन बढ़ोतरी को लेकर कर्मचारियों ने दिया धरना

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : वेतन बढ़ोतरी को लेकर कर्मचारियों ने दिया धरना


फरीदाबाद, 14 अप्रैल (हि.स.)। फरीदाबाद के सेक्टर-37 स्थित मदरसन कंपनी के कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने को लेकर विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। मंगलवार को बड़ी संख्या में कर्मचारी कंपनी के गेट के बाहर धरना देकर बैठ गए और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने बताया कि उनकी मासिक सेलरी बढ़ाकर 20 हजार की जाए और जिन मांगों पर कंपनी और कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के बीच सहमति बनी है, उसका लिखित नोटिस कंपनी गेट के बाहर चस्पा किया जाए, ताकि सभी कर्मचारियों को इसकी स्पष्ट जानकारी मिल सके। बता दें कि, सोमवार को कर्मचारियों के प्रतिनिधियों की सरकार और कंपनी प्रबंधन के साथ बातचीत हुई थी। उस दौरान सरकार की नोटिफिकेशन और प्रबंधन के साथ सहमति बनने के बाद मामला शांत करा दिया गया था। इसी कारण मंगलवार को कर्मचारी काम पर तो पहुंचे, लेकिन दोबारा से कंपनी के गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले दो दिनों से वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर विरोध कर रहे हैं, लेकिन कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई स्पष्ट स्पष्टीकरण नहीं दिया जा रहा है। इसी वजह से काफी कर्मचारी अभी भी कंपनी की बातों से सहमत नहीं हैं। हालांकि कुछ कर्मचारी प्रबंधन के आश्वासन के बाद कंपनी के अंदर जाकर अपना काम भी कर रहे हैं। कर्मचारियों के अनुसार, सेक्टर-37 स्थित इस कंपनी में करीब छह से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं। यहां तीन शिफ्टों में काम होता है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story