फरीदाबाद : बिजली आपूर्ति से परेशान लोगों ने किया बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : बिजली आपूर्ति से परेशान लोगों ने किया बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन


फरीदाबाद, 25 अप्रैल (हि.स.)। सेक्टर 70 स्थित रॉयल हेरिटेज सोसाइटी के रेजिडेंट्स ने शनिवार को बिजली की आपूर्ति न होने से परेशान होकर सोसाइटी में धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि वो डीज़ल जनरेटर (डीजी) से बनने वाली बिजली का 34 रूपये प्रति यूनिट के हिसाब से भुगतान कर रहे हैं, जिससे बिल्डर अपनी जेब भर रहा है। रॉयल हेरिटेज सोसाइटी के रेजिडेंट अनूप अवस्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि, सोसाइटी में आज तक 33 केबी बिजली का कनेक्शन नहीं है। जिस कारण लिफ्ट में कोई पावर का बैकअप नहीं है। जैसे ही बिजली चली जाती है वैसे ही लिफ्ट रास्ते में अटक जाती है। बिजली की परेशानी के चलते रोजाना कोई ना कोई लिफ्ट में फंसा रहता है। वो हर महीने 3000 के करीब मेंटेनेंस चार्ज भर रहे है लेकिन सुविधाओं के नाम पर बस खाना पूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिजली के कट सोसाइटी में लगते रहते है। ऐसे में बिल्डर के द्वारा उनको डीज़ल जनरेटर (डीजी) से बनने वाली बिजली सप्लाई की जाती है। उनके पैसे से बिल्डर को मुनाफा हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली, मेंटेनेंस सहित दूसरी मांगो को लेकर वह कई बार बिल्डर से मिल चुके हैं लेकिन आज तक उन समस्याओं का कोई समाधान नहीं हुआ है। अब आगे गर्मी का मौसम आने वाला है। जिसमें उनको और भी ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story