फरीदाबाद : पानी की किल्लत को लेकर लोगों ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : पानी की किल्लत को लेकर लोगों ने किया प्रदर्शन


फरीदाबाद, 27 मई (हि.स.)। एनआईटी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली डबुआ कॉलोनी में पिछले कई दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। परेशान महिलाओं और पुरुषों ने बुधवार को खाली ड्रम और बाल्टियां लेकर घरों के बाहर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। स्थानीय निवासी गीता ने बताया कि कॉलोनी में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोगों के घरों में पीने तक का पानी नहीं पहुंच रहा। मजबूरी में लोगों को बाजार से पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हर साल गर्मियों में पानी की किल्लत से जूझना पड़ता है, लेकिन स्थायी समाधान आज तक नहीं निकाला गया। गीता ने नेताओं पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में कोई उनकी समस्या की तरफ ध्यान नहीं देता। कॉलोनी में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोगों के घरों में पीने तक का पानी नहीं पहुंच रहा। वहीं निवासी संदीप ने बताया कि स्थानीय पार्षद को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि बाहर से पानी के टैंकर मंगवाना आम लोगों के लिए बेहद महंगा साबित हो रहा है। एक टैंकर के लिए 500 से 800 रुपए तक खर्च करने पड़ रहे हैं। ऐसे में गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के सामने भारी परेशानी खड़ी हो गई है। मामले को लेकर नगर निगम कार्यकारी अभियंता एनआईटी सतपाल सिंह ने कहा कि समस्या की जांच के लिए जेई को मौके पर भेजा जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिस तकनीकी कारण से पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है, उसे जल्द दूर कर लोगों तक सुचारू रूप से पेयजल आपूर्ति शुरू कराई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story