फरीदाबाद : जिला अस्पताल में गर्भवती महिला व नवजात की मौत

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : जिला अस्पताल में गर्भवती महिला व नवजात की मौत


फरीदाबाद, 17 सितंबर (हि.स.)। फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान गर्भवती महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। महिला को डिलीवरी के लिए अस्पताल में लाया गया था। पुलिस के मुताबिक बीपी हाई होने के कारण महिला की मौत हई है। जबकि परिजन अस्पताल के स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम बोर्ड के जरिए कराया जा रहा है। जांच रिपोर्ट में जो भी सामने निकलकर आएगा, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक महिला की सास धर्मवती ने गुरुवार जानकारी देते हुए बताया कि वह सेक्टर 56 में रहते है। रीना (22) को गत दिवस वह डिलीवरी के लिए बीके अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां पर उसको वार्ड में एडमिट किया गया था। आज उसको अचानक से उल्टियां आनी शुरू हो गई। अस्पताल के स्टाफ ने उसको रेफर कर दिया, लेकिन किसी ने उसका इलाज नहीं किया। जिसके कारण उसकी मौत हो गई। रीना के पेट में 9 महीने के बच्चे की भी मौत हो गई। मृतक महिला के पति अजय ने बताया कि 2 साल पहले छाता यूपी की रहने वाली रीना के साथ उसकी शादी हुई थी, ये उनका पहला बच्चा था। अस्पताल में उसकी पत्नी की तबियत बिगड़ रही थी, लेकिन कोई भी डाक्टर उसको देखने के लिए नहीं आया। करीब डेढ़ घंटे तक वो डाक्टर का इंतजार करते रहे। मामले की जांच कर रहे देवदत्त पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि डाक्टरों ने अभी तक बताया कि बीपी हाई होने के कारण महिला की मौत हुई है। महिला की मौत के बाद बच्चे की भी पेट में ही मौत हो गई। तबीयत बिगडऩे पर महिला को रेफर कर दिया गया था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग उसको निजी अस्पताल में लेकर नहीं गए, ऐसा लडक़ी के मायके वालों का आरोप है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story