फरीदाबाद : बिजली किल्लत से मची हाहाकार, सडक़ों पर उतरे लोग, जाम से परेशान हुई जनता

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : बिजली किल्लत से मची हाहाकार, सडक़ों पर उतरे लोग, जाम से परेशान हुई जनता


बिजली से परेशान लोगों ने विधायक ऑफिस पर दिया धरना

फरीदाबाद, 23 अक्टूबर (हि.स.)। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का व्यापक असर शहर के अलग-अलग हिस्सों में देखने को मिल रहा है। एनआईटी-2, टीटू कॉलोनी, पल्ला और सारण में करीब 24 घंटे से ज्यादा समय से बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को पीने के पानी के लिए लाइनों में लगना पड़ रहा है। वहीं, रात के समय बच्चों को मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में पढ़ाई करनी पड़ रही है। परेशान होकर लोगों ने गुरुवार देर रात सडक़ों पर उतरकर जाम लगा दिया।

फरीदाबाद के सारन चौक पर गुरुवार की रात लोगों ने जाम लगा दिया, यह जाम शुक्रवार दोपहर तक जारी रहा, दोपहर बाद थक हारकर लोगों ने स्वयं ही जाम खोल दिया। इसके अलावा सेक्टर-10 स्थित भाजपा विधायक मूलचंद शर्मा के कार्यालय के बाहर बिजली से परेशान लोगों ने जाम लगा दिया। इस दौरान पार्षद दीपक चौधरी भी लोगों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि बिजली की लंबी कटौती से घरेलू कामकाज, पानी की आपूर्ति और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अब देखना होगा कि बिजली निगम इन इलाकों में बिजली कब तक बहाल कर पाता है और लोगों को पानी की समस्या से कब राहत मिलती है। वहीं शहर के अन्य हिस्सों में भी बिजली की किल्लत का व्यापक असर देखने को मिला, बैंकों, कार्यालयों तथा ऑफिसों में लोगों के काम प्रभावित हुए। लोगों को सबसे ज्यादा परेशानियां पेश आई। इसके अलावा जगह-जगह लगे जाम के चलते शहर में यातायात व्यवस्था कछुआ चाल से चलती नजर आई, लोगों को मिनटों का सफर करने के लिए घण्टों का सामना करना पड़ा।

बिजली संकट से परेशान लोग सेक्टर-64 स्थित बिजली पावर हाउस भी पहुंचे और विभाग के कर्मचारियों के प्रति नाराजगी जताई। हरियाणा में कर्मचारियों की हड़ताल का आज दूसरा दिन है। 24 अक्तूबर तक कर्मचारियों की ये हड़ताल चलेगी। कर्मचारी गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को 25 साल के लिए बिजली वितरण का लाइसेंस देने के फैसले का विरोध कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यह फैसला बिजली निगम के हितों और कर्मचारियों के लिए नुकसान है। हड़ताल के दौरान फॉल्ट ठीक करने और शिकायतों के निपटारे का काम प्रभावित होने से कई इलाकों में बिजली संकट गहराया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765563 Articles

Share this story