दीवाली के बाद फरीदाबाद की हवा हुई जहरीली, 949 तक पहुंचा प्रदूषण का स्तर

WhatsApp Channel Join Now

फरीदाबाद, 09 नवंबर (हि.स.)। दीवाली की रात जमकर हुई आतिशबाजी से औद्योगिक नगरी फरीदाबाद का वायु प्रदूषण का स्तर एकाएक बढऩे से शहरवासियों की चिंता बढ़ गई है। आतिशबाजी के बाद शहर की हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है और कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। वैसे भी फरीदाबाद जिला देश के सबसे प्रदूषिण शहरों की सूची में पांचवें नंबर पर आ गया है। हालात ऐसे हैं कि सुबह और शाम के समय वातावरण में धुंध और धुएं की परत दिखाई दे रही है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर ने एक बार फिर शहर में स्वच्छ हवा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि प्रशासन से प्रदूषण को लेकर ग्रेप-2 लागू किया हुआ है परंतु शहर में इसके सरेआम अवहेलना हो रही है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, फरीदाबाद के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर काफी अधिक दर्ज किया गया है। सेक्टर-11 में एक्यूआई 410 तक पहुंच गया, जबकि बल्लभगढ़ में यह आंकड़ा 517 से 528 के बीच दर्ज किया गया। सबसे चिंताजनक स्थिति सेक्टर-16 की बताई जा रही है, जहां एक्यूआई 627 से 949 तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा न्यू इंडस्ट्रियल टाउन (एनआईटी) क्षेत्र में भी प्रदूषण का स्तर 500 से 540 के बीच दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि शहर के कई प्रमुख आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई है। दीवाली के दौरान हुई आतिशबाजी को प्रदूषण बढऩे का एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। इसके साथ ही वाहनों से निकलने वाला धुआं, औद्योगिक इकाइयों से होने वाला उत्सर्जन, निर्माण कार्यों से उडऩे वाली धूल और सडक़ों पर उड़ती मिट्टी भी वायु प्रदूषण को बढ़ाने में योगदान दे सकती है। मौसम में हवा की गति कम होने और प्रदूषक तत्वों का वातावरण में जमा होने से भी स्थिति गंभीर हो सकती है। प्रदूषण के इस बढ़ते स्तर का सीधा असर आम जनजीवन पर पडऩे की आशंका है। हवा में मौजूद सूक्ष्म प्रदूषक कण लोगों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं। इसके कारण सांस लेने में परेशानी, खांसी, गले में खराश, आंखों में जलन और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों की समस्याएं बढ़ सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस या हृदय संबंधी परेशानी से प्रभावित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। शहरवासियों का कहना है कि फरीदाबाद में हर साल सर्दियों के मौसम और त्योहारों के आसपास प्रदूषण की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। ऐसे में केवल कुछ दिनों तक अभियान चलाने के बजाय पूरे साल प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। सडक़ों पर नियमित पानी का छिडक़ाव, निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण, औद्योगिक इकाइयों की निगरानी, कचरा जलाने पर रोक और वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर सख्ती से नियंत्रण जरूरी है। प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों से भी तत्काल प्रभावी कदम उठाने की अपेक्षा की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story