फरीदाबाद : अनाज लेकर आ रहे ट्रैक्टर को पुलिस ने रोका, किसान ने की चेयरमैन से शिकायत
चेयरमैन आहूजा ने एसडीएम से बात करने का दिया आश्वासन फरीदाबाद, 03 अप्रैल (हि.स.)। ओल्ड फरीदाबाद सेक्टर-16 मंडी में मार्केट कमेटी के चेयरमैन सुभाष आहूजा और वाइस चेयरमैन सोनू शर्मा ने शुक्रवार को गेहूं की सरकारी खरीद शुरू कराई। इस मौके पर एक किसान ने चेयरमैन से शिकायत की कि पुलिस नंबर होने के बावजूद अनाज लाते समय उसके ट्रैक्टर को रोका। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए हैं कि किसान मंडी में अनाज लेकर आएं तो ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट या नंबर का प्रिंट चस्पा करके लाएं। ताकि मार्केट कमेटी के कर्मचारियों को मंडी में आने वाले किसान का आनलाइन गेटपास काटने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस किसान के ट्रैक्टर को नंबर अंकित होने के बाद भी पुलिस ने रोका। किसान की इस शिकायत को चेयरमैन आहूजा ने गंभीरता से लेते हुए कहा कि वह इस मामले में एसडीएम फरीदाबाद अमित कुमार से बातचीत करेंगे। ताकि पुलिस नंबर वाले ट्रैक्टर को अनाज लेकर आने से न रोके। सरकार ने ट्रैक्टर पर नंबर अंकित करके लाने के लिए इसलिए कहा है ताकि यह पुष्टि हो सके कि अनाज लेकर आने वाला किसान हरियाणा का ही रहने वाला है। जिस ट्रैक्टर में वह अनाज लेकर आया है, उसका नंबर भी हरियाणा का ही है। यह दूसरे प्रदेशों से अनाज लेकर आने ट्रैक्टरों को रोकने के लिए सरकार की एक योजना है। दूसरे प्रदेशों के किसान ज्यादातर बिना नंबर के ट्रैक्टर में अनाज लेकर आते हैं। इसलिए पुलिस भी ट्रैक्टरों की जांच कर रही है। चेयरमैन आहूजा ने बायोमेट्रिक, आनलाइन गेटपास, गेहूं की नमी की जांच की। किसानों से गेहूं को सूखा कर लाने के लिए कहा है। ताकि एजेंसी को खरीदने में किसी तरह की परेशानी न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

