फरीदाबाद : पुलिस ने सेक्टर-12 में चलाया कांबिंग और सर्चिंग अभियान

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : पुलिस ने सेक्टर-12 में चलाया कांबिंग और सर्चिंग अभियान


फरीदाबाद, 10 अप्रैल (हि.स.)। फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित कोर्ट परिसर और आसपास के पार्किंग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को परखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा शुक्रवार को कांबिंग और सर्चिंग की मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान क्राइम ब्रांच, बम स्क्वाड, डॉग्स स्क्वाड व थाना की टीमों द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस तरह की मॉक ड्रिल पुलिस की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में पुलिस कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से प्रतिक्रिया दे सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसी ड्रिल के जरिए पुलिसकर्मियों की सतर्कता, समन्वय और कार्यक्षमता का आकलन किया जाता है। ड्रिल के दौरान कोर्ट परिसर, पार्किंग स्थल और आसपास के क्षेत्रों में खड़े वाहनों की भी गहन जांच की गई। साथ ही, वहां मौजूद लोगों से पूछताछ कर उनकी पहचान भी सत्यापित की गई। इस पूरी प्रक्रिया में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभ्यास से न केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती है, बल्कि किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पुलिस बल पहले से तैयार रहता है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story