फरीदाबाद में 378.100 किलो प्रतिबंधित पटाखे बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
बाटा चौक के पास कैंटर से 198.100 किलो पटाखे बरामद, चालक गिरफ्तार, कैंटर जब्त
फरीदाबाद, 07 नवंबर (हि.स.)। त्यौहारों के दौरान अवैध पटाखों के भंडारण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 378.100 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में एक-एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इनमें एक कैंटर भी जब्त किया गया है, जिसका इस्तेमाल पटाखों के परिवहन में किया जा रहा था। पहली कार्रवाई अपराध शाखा एवीटीएस-2 भूपानी की टीम ने बाटा चौक के पास सेक्टर-20बी, मथुरा रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के नजदीक एक कैंटर की जांच के दौरान छह गत्ते की पेटियों में रखे 198.100 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए। कैंटर चालक ध्यान सिंह निवासी गांव मटोली, जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) पटाखों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। पुलिस ने पटाखों सहित कैंटर को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर थाना सेक्टर-8 में मामला दर्ज किया है। दूसरी कार्रवाई थाना डबुआ पुलिस ने डबुआ-पाली रोड स्थित सोनू के फर्नीचर गोदाम पर छापेमारी कर 180 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए। पुलिस ने मौके से आरोपी सुमित निवासी एनआईटी फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। गोदाम की तलाशी में तीन पेटियों से स्काई शॉट, अनार सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे मिले। आरोपी इनके भंडारण एवं बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। पुलिस ने पटाखे कब्जे में लेकर थाना डबुआ में मामला दर्ज किया है। दोनों मामलों में पुलिस द्वारा विस्फोटक अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

