फरीदाबाद पुलिस ने नष्ट कराया एक क्विंटल से ज्यादा गांजा

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद पुलिस ने नष्ट कराया एक क्विंटल से ज्यादा गांजा


87 मामलों से जब्त किया गया था, पुलिस आयुक्त की निगरानी में हुई कार्रवाई

फरीदाबाद, 30 जून (हि.स.)। शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पकड़े गए मादक पदार्थों को सोमवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने 87 अलग-अलग मामलों में जब्त किए गए करीब एक क्विंटल दस किलो किलोग्राम गांजे को आग के हवाले कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि जब्त किए गए गांजे को तिगांव रोड स्थित गांव जसाना की गोल्डन ईगल वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी में नष्ट किया गया। पूरी प्रक्रिया कानून के अनुसार, गवाहों की मौजूदगी में संपन्न कराई गई।

इस दौरान मादक पदार्थ की फोटोग्राफी भी कराई गई और उसके बाद सुरक्षित तरीके से उसे आग लगाकर नष्ट कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, नष्ट किया गया गांजा वर्ष 2023 से 2026 के दौरान फरीदाबाद के विभिन्न थानों में दर्ज 87 मामलों से संबंधित था। ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की देखरेख में यह पूरी कार्रवाई पारदर्शिता के साथ पूरी की गई। कमेटी में पुलिस आयुक्त चेयरमैन हैं, जबकि पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) और सहायक पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) इसके सदस्य हैं। इस मौके पर पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन को बर्बाद कर देता है। इससे इंसान आर्थिक, शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर हो जाता है और कई बार अपराध की राह पर भी चल पड़ता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद पुलिस केवल नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई ही नहीं कर रही, बल्कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए भी अभियान चला रही है। ऐसे लोगों की काउंसलिंग कराई जाती है और उन्हें उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा स्कूलों, कॉलेजों और अन्य स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जा रही है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अब तक फरीदाबाद पुलिस 300 से अधिक नशा तस्करों और अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस का उद्देश्य शहर को नशा मुक्त बनाना और युवाओं को इस बुराई से बचाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story