फरीदाबाद : 383 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे बरामद, एक गिरफ्तार
फरीदाबादा, 13 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध रूप से पटाखों की बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। इसी कड़ी में मंगलवार को अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने कैली गांव में खंदावली रोड स्थित मुकेश ट्रेडर्स की दुकान पर छापेमारी कर वहां से 383.750 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखों से भरे कट्टे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से मुकेश कुमार निवासी पंजाबी मोहल्ला, बल्लभगढ़ को काबू किया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि कैली गांव, खंदावली रोड स्थित मुकेश ट्रेडर्स का संचालक मुकेश कुमार अवैध रूप से पटाखे बेचने का काम करता है तथा उसने बिक्री के लिए अपनी दुकान में पटाखों से भरे प्लास्टिक कट्टे रखे हुए हैं। उन्होंने आगे बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर मुकेश कुमार को काबू किया। दुकान में रखे प्लास्टिक कट्टों की जांच करने पर उनमें रॉकेट बम, सुतली बम, मुर्गा पटाखे, आकाश में छोड़ी जाने वाली आतिशबाजी, अनार, फुलझड़ी, फिरकी सहित विभिन्न प्रकार के 383.750 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे मिले। पटाखों को रखने एवं बेचने के संबंध में आरोपी से लाइसेंस व परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। आरोपी मुकेश कुमार के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

