फरीदाबाद : साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा, एक सप्ताह में 42 आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा, एक सप्ताह में 42 आरोपी गिरफ्तार


14.35 लाख की ठगी की रकम बरामद, 353 शिकायतों का किया निपटारा

फरीदाबाद, 25 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए एक सप्ताह के दौरान 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक के नेतृत्व में तीनों साइबर थानों की टीमों ने 17 से 23 अक्टूबर 2026 तक 11 मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों से 14 लाख 35 हजार 898 रुपये बरामद किये। वहीं, साइबर ठगी से संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 38 लाख 56 हजार 987 रुपये की राशि विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराई गई। इस दौरान पुलिस टीमों ने 353 शिकायतों का निस्तारण भी किया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और ठगी की रकम को सुरक्षित कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई के दौरान साइबर थाना एनआईटी ने चार मामलों, साइबर थाना सेंट्रल ने पांच मामलों और साइबर थाना बल्लभगढ़ ने दो मामलों में कार्रवाई की। इन 11 मामलों में कुल 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों में नाहर सिंह, सुरेंद्र सिंह, प्रीतम जांगिड़, शोभा गंगवाल, बिजेन्दर कुमार, दीपक, मोहम्मद मोहसिन, मोहम्मद फिरासत, राहुल, सर्वेश, हर्ष, गोपाल कुमार, श्रवण, अभिषेक, आदित्य, शेखर, जतिन, मोहम्मद मुंसार, निखिल, ज्ञान सिंह, धनेन्द्र पटेल, केशव रावत, रोहित, हसीबुल करीकर, अर्जुन लाल, अपील चकमा, फिरोज खान, प्रकाश यादव, उमरसैद, मुकुल, रौनक सिंह, हैदर अली, पवन सिंह, नवीन, सुखचैन सिंह, अंकित मित्तल, सूरज कुमार और कुलदीप सहित अन्य आरोपी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक ने आमजन से अपील की है कि वे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा कर अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी के साथ भी अपना ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें। बैंक अथवा कोई अधिकृत संस्था फोन पर ओटीपी या गोपनीय बैंकिंग जानकारी नहीं मांगती।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766505 Articles

Share this story