फरीदाबाद : पुलिस की मुस्तैदी से सफल हुई नमो मैराथन
1500 से अधिक पुलिसकर्मियों ने संभाली सुरक्षा व यातायात व्यवस्था
फरीदाबाद, 27 सितंबर (हि.स.)। फरीदाबाद में हाफ मैराथन का आयोजन रविवार को पुलिस की प्रभावी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मैराथन में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के साथ आमजन की आवाजाही को देखते हुए पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की तैयारियां की गई थीं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मैराथन के दौरान सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के लिए संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेंद्र कुमार मीणा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया, जिनके नेतृत्व में फरीदाबाद नमो मैराथन का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस दौरान 1500 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई गई थीं। पुलिस कर्मियों ने तडक़े सुबह तीन बजे से विभिन्न स्थानों पर तैनात रहकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को संभाला। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 21 किलोमीटर हाफ मैराथन प्रात: लगभग छह बजे सूरजकुंड मेला ग्राउंड से शुरू होकर एनएचपीसी कॉलोनी, मानव रचना इंस्टीट्यूट, अनखीर गोलचक्कर से होते हुए सेक्टर-21सी एवं सेक्टर-46 डिवाइडिंग रोड, मार्बल मार्केट, बडख़ल-अनखीर रोड तथा सेक्टर-21डी मार्केट से होकर अनखीर गोलचक्कर की ओर यू-टर्न लेते हुए वापस सूरजकुंड मेला ग्राउंड पर समाप्त हुई। इस दौरान पाली चौक से एमवीएन चौक, प्रहलादपुर चौक से सूरजकुंड गोलचक्कर, सूरजकुंड रोड, अनंगपुर रोड, एमवीएन रोड, अनखीर गोलचक्कर से सेक्टर-21ए से सेक्टर-21डी डिवाइडिंग रोड तथा बडख़ल चौक से सूरजकुंड शूटिंग रेंज रोड तक सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहा था। मैराथन के निर्धारित रूट पर पुलिस की विभिन्न टीमों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया था। प्रतिभागियों की सुरक्षा के साथ-साथ आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों पर यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया गया। आवश्यकता के अनुसार यातायात को डायवर्ट किया गया तथा महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई थी। पुलिस की मुस्तैदी के चलते मैराथन के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रही और आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। उन्होंने आगे बताया कि फरीदाबाद पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मैराथन में सक्रिय भागीदारी भी की। फरीदाबाद पुलिस के 700 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मैराथन में भाग लिया। इसके अलावा आईआरबी के 500 व पुलिस ट्रेंनिंग सेंटर सुनारिया के 250 पुलिस कर्मचारियों ने भी मैराथन में भाग लिया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की इस भागीदारी ने न केवल आयोजन के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया, बल्कि अन्य प्रतिभागियों का भी उत्साह बढ़ाया। पुलिस टीमों के बीच आपसी तालमेल के साथ सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था संबंधी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया गया। पुलिस की ओर से प्रतिभागियों की सुरक्षा के साथ-साथ आमजन को कम से कम असुविधा हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा गया।मैराथन के दौरान फरीदाबाद पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सुरक्षा ड्यूटी के साथ स्वयं भी उत्साहपूर्वक दौड़ में हिस्सा लिया। पुलिसकर्मियों की भागीदारी ने आयोजन को विशेष रूप से यादगार बनाया।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

