फरीदाबाद : पुलिस ने 32 साइबर ठग किये गिरफ्तार, लाखों की नकदी बरामद

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : पुलिस ने 32 साइबर ठग किये गिरफ्तार, लाखों की नकदी बरामद


फरीदाबाद, 23 अगस्त (हि.स.)। फरीदाबाद साइबर पुलिस ने 15 से 21 अगस्त के बीच 32 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है, इस दौरान टीमों ने 30 लाख 56 हजार रुपए बरामद किये हैं। पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि साइबर थानों की टीमों ने 9 मामलों में 32 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें साइबर थाना एनआईटी का दो, सेंट्रल के चार व बल्लबगढ के तीन मामले शामिल है। इस दौरान टीमों ने 30 लाख 56 हजार रुपए बरामद किये हैं। इसी प्रकार 603 शिकायतों का निस्तारण कर 7,25,172 रुपये खातों में फ्रीज कराये हैं। यह कार्रवाई 15 से 21 अगस्त के बीच एक सप्ताह के दौरान की गई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में शिव शंकर, अब्दुल हक, रजत कुमार, राहुल कुमार, आबिद, विनोद, अमित कुमार, अविनाश सिंह, सैकी सचदेवा, राजेश कुमार, सुनील कुमार, महेन्द्र, सुरेन्द्र, रौनक, राकेश पाल, शुभम राय, अमन दुबे, हमजा, कमरूद्दीन, जयेश राठोर, मोहित, सत्यम शर्मा, लवप्रीत सिंह, फहीम खान, मो. सलमान, विपिन कुमार, आकाश शर्मा, प्रियंका, रोहित बिष्ट, पवन कुमार व गौरव कुमार का नाम शामिल है। पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, हिमाद्री कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि आमजन लालचवश अधिक धनराशि प्राप्त करने की चाहत में ठगों के चंगुल में फंस जाता है और बिना सूझबूझ के अपनी पूंजी को निवेश कर ठगी का शिकार हो जाता है। अल्प जानकारी या अज्ञानता भी साइबर ठगी का शिकार बना देती है। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, पूर्ण जानकारी के बाद ही आधिकारिक साइट पर निवेश करें, किसी को भी अपनी निजी जानकारी शेयर ना करें और ना ही किसी को ओटीपी बताएं, बैंक कभी भी आपकी गोपनीय जानकारी नहीं लेता है। डिजिटल अरेस्ट जैसा कोई भी प्रावधान कानून में नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story