फरीदाबाद : पिज्जा स्टोर के मैनेजर से मारपीट, वीडियो वायरल होने पर पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : पिज्जा स्टोर के मैनेजर से मारपीट, वीडियो वायरल होने पर पुलिस जांच में जुटी


फरीदाबाद, 16 नवंबर (हि.स.)। फरीदाबाद के सेक्टर 12 स्थित डोमिनोज पिज्जा स्टोर के मैनेजर के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पानी न दिए जाने पर कुछ युवकों ने स्टोर में घुसकर उसको थप्पड़ मारे। मारपीट स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पीडि़त का कहना है कि वहां स्टोर पर कुछ पुलिसकर्मी भी थे, लेकिन वो केवल देखते रहे। शिकायत दिए जाने के बाद भी पुलिस के द्वारा मामला दर्ज नहीं किया गया है। उधर, पुलिस का कहना है कि हमें शिकायत मिली है। हम सीसीटीवी फुटेज जांच रहे हैं। जांच के बाद एक्शन लिया जाएगा। स्टोर मैनेजर नितेश कुमार (22) ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले हैं और फिलहाल विनय नगर, सेक्टर-31 में रहते हैं। वह पिछले एक साल से सेक्टर-12 स्थित डोमिनोज आउटलेट में मैनेजर के तौर पर काम कर रहे हैं। इससे पहले दिल्ली में नौकरी करते थे। नितेश के मुताबिक, वह एक कर्मचारी के साथ स्टोर में काम कर रहे थे। बाकी तीन कर्मचारी ऑर्डर सप्लाई करने बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अजय नाम का एक व्यक्ति स्टोर पर आया और पानी मांगा। कर्मचारी कम होने और काम में व्यस्त होने के कारण उनकी आवाज अंदर तक नहीं पहुंची। इसी बात को लेकर उसने विवाद शुरू कर दिया। नितेश ने आरोप लगाया कि उन्होंने युवक को शांत रहने के लिए कहा तो उसने उन्हें थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। इसी दौरान युवक के अन्य साथी भी स्टोर के अंदर आ गए और झगड़ा करने लगे। स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में मारपीट की घटना रिकॉर्ड हो गई। इसके बाद नितेश ने फोन कर पुलिस को सूचना दी। नितेश का आरोप है कि घटना 2 नवंबर की रात की है। तभी पुलिस को फोन कर बुलाया था। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। उनका दावा है कि पुलिस के सामने भी उनके साथ मारपीट की गई, लेकिन पुलिसकर्मी खड़े रहे। इसके बाद उन्होंने मामले की लिखित शिकायत भी दी, लेकिन अब तक केस दर्ज नहीं हुआ है। सेंट्रल थाना प्रभारी सतबीर ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777913 Articles

Share this story