फरीदाबाद : बेटे की लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली गोली, बुजुर्ग महिला घायल

WhatsApp Channel Join Now

फरीदाबाद, 21 जून (हि.स.)। फरीदाबाद के आदर्श नगर थाना क्षेत्र स्थित विष्णु कॉलोनी में शनिवार देर शाम एक 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला अपने बेटे की लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चलने के कारण घायल हो गई। घायल महिला की पहचान उर्मिला के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, महिला की हालत अब पहले से बेहतर है और वह खतरे से बाहर हैं। जानकारी के अनुसार, घायल उर्मिला के बेटे के नाम पर लाइसेंसी रिवॉल्वर है, जो घर की अलमारी में रखी हुई थी। बताया जा रहा है कि उर्मिला किसी काम से रिवॉल्वर को अलमारी से निकालकर दूसरी जगह रख रही थीं। इसी दौरान अचानक रिवॉल्वर का ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। गोली महिला की बाईं छाती को छूते हुए निकल गई और घर की दीवार में जाकर लगी। गोली लगते ही महिला दर्द से चिल्लाने लगी। महिला की आवाज सुनकर घर में मौजूद परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि महिला घायल अवस्था में थी और उनके शरीर से खून निकल रहा था। वहीं रिवॉल्वर भी जमीन पर पड़ी हुई थी। परिजनों ने बिना समय गंवाए महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। घटना की सूचना अस्पताल की ओर से आदर्श नगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल महिला तथा उसके परिजनों से पूरे मामले की जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार यह घटना रिवॉल्वर को एक स्थान से दूसरे स्थान पर रखते समय हुई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गोली दुर्घटनावश चली या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story