फरीदाबाद : फोन हैक कर लाखों की ठगी, दो खाताधारक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : फोन हैक कर लाखों की ठगी, दो खाताधारक गिरफ्तार


फरीदाबाद, 29 जून (हि.स.)। एपीके फाइल भेजकर फोन हैक कर लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने दो खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों अमन(21) निवासी उत्तर प्रदेश व दिलखुस बिश्नोई(26) निवासी राजस्थान को पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस प्रवक्ता ने साेमवार काे बताया कि सेक्टर-20बी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 मई काे उसके टेलीग्राम पर एक लिंक आया जिस पर उसने क्लिक किया तो एक एपीके फाइल उसके फोन में डाउनलोड हो गई और फोन हैक हो गया और अलग-अलग ट्रांजेक्शंस के जरिए उसके खाते से एक लाख एक हजार रुपए कट गये। शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि घटनाक्रम में ठगी के पैसे प्रथम लेयर के चार खातों में गए थे। गौतम का प्रथम लेयर का खाता है, जिसमें ठगी के 50 हजार रुपए आए थे। आरोपी अमन ने लक्की से गौतम का खाता लेकर आगे दिलखुस को दिया था। अमन व दिलखुस की टेलीग्राम पर बात होती थी। दोनों 12वीं पास और बेरोजगार है। खाताधारक गोतम व लक्की को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों आरोपितों को मोहाली पंजाब से काबू किया गया है और आरोपित, वहां भी साइबर ठगी की फिराक में गए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story