फरीदाबाद : परमजीत हत्याकांड के आराेपी ने चौकी में पिटाई के बाद मोनू ने हत्या की ठानी

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : परमजीत हत्याकांड के आराेपी ने चौकी में पिटाई के बाद मोनू ने हत्या की ठानी


फरीदाबाद, 11 नवंबर (हि.स.)। धनतेरस के दिन फरीदाबाद में हुए टेक महिंद्रा कंपनी के पूर्व एशिया हेड परमजीत धनखड़ (45) हत्याकांड में नया खुलासा हुआ है। घटना से पहले परमजीत के बेटे शौर्य और आरोपी मोनू शर्मा के बीच विवाद हुआ था। इसी की शिकायत देने परमजीत अपने दोस्तों के साथ अनखीर चौकी गया था। वहां मोनू भी पहुंच गया। परमजीत के दोस्तों ने उसे देखते ही पीटना शुरू कर दिया। पुलिस ने तब तो मामला सुलझा दिया। मोनू चौकी से मेडिकल कराने की बात कहकर निकल गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि इसी घटना के बाद उसने परमजीत की हत्या करने की ठान ली थी। धनतेरस की शाम उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से 9 गोलियां मारकर परमजीत की हत्या कर दी। पुलिस को उसके पास से 67 गोलियां मिली हैं। वारदात के बाद मोनू कार लेकर फरार हो गया। यहां से सीधे पंजाब के पटियाला में अपनी ससुराल पहुंचा। वहां कार और खून से सनी टीशर्ट छिपाई। पुलिस अब दोनों चीजों की बरामदगी के लिए उसे पंजाब लेकर जाएगी। हिसार निवासी परमजीत परिवार के साथ सेक्टर-21सी की बिल्डिंग के फस्र्ट फ्लोर पर रहते थे। मोनू तीसरे फ्लोर पर रहता था। वह स्क्रैप का कारोबार करता है। पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच करीब चार साल से विवाद चल रहा था। मोनू जब जर्मन शेफर्ड कुत्ता लेकर आया था, तभी से कहासुनी शुरू हुई थी। आरोप है कि उसका नौकर कुत्ते को परमजीत के घर के सामने शौच कराता था। इस बात पर कई बार झगड़ा हुआ। बाद में गाड़ी खड़ी करने और पार्किंग की जगह को लेकर भी विवाद बढ़ता गया। परमजीत के बेटे शौर्य और मोनू के बीच धनतेरस की सुबह पार्किंग का गेट तोडऩे को लेकर विवाद हुआ था।

आरोप है कि मोनू ने गाली-गलौज की थी। इसके बाद अनखीर चौकी में शिकायत दी गई। परमजीत जिम से सीधे चौकी पहुंचे थे। परमजीत के बेटे शौर्य की शिकायत पर पुलिस ने मोनू की पत्नी, बेटे और बेटी को भी हत्या के लिए उकसाने के आरोप में नामजद किया है। तीनों फिलहाल फरार हैं। पुलिस आरोपी के घर का ताला खुलवाकर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेगी। इससे वारदात के समय परिवार के सदस्यों की मौजूदगी और उनकी भूमिका की जांच होगी। पुलिस जांच में मोनू के पारिवारिक विवाद की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी से अनबन चल रही थी। दोनों तलाक लेने की तैयारी कर रहे थे। ससुराल पक्ष से भी उसके संबंध तनावपूर्ण थे। वह करीब पांच साल से ससुराल नहीं गया था। पत्नी को भी वहां जाने से रोकता था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक, आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775332 Articles

Share this story