फरीदाबाद : पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव हेतु 12 उम्मीदवारों ने भरा पर्चा

WhatsApp Channel Join Now

फरीदाबाद, 27 अप्रैल (हि.स.)। राज्य निर्वाचन आयोग, हरियाणा के निर्देशों के अनुपालन में जिला फरीदाबाद में पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव (अप्रैल–मई 2026) के लिए नामांकन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) आयुष सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक की अवधि के दौरान जिले के तीनों ब्लॉकों—फरीदाबाद, बल्लभगढ़ एवं तिगांव—से कुल 12 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं, जिनमें 10 पुरुष एवं 02 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि ब्लॉक फरीदाबाद के अंतर्गत ग्राम पंचायत भास्कोला (वार्ड 3) से 01 पुरुष उम्मीदवार ने पंच पद हेतु नामांकन दाखिल किया। ब्लॉक बल्लभगढ़ में ग्राम पंचायत फतेहपुर बिल्लोच (वार्ड 19) से 01 महिला, ग्राम पंचायत डीग (वार्ड 1) से 01 पुरुष उम्मीदवार ने नामांकन प्रस्तुत किया, जबकि ग्राम पंचायत जाकोपुर (वार्ड 2) से कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ। वहीं ब्लॉक तिगांव में ग्राम पंचायत सहूपुरा खादर से सरपंच पद हेतु 08 पुरुष उम्मीदवारों ने नामांकन किया तथा ग्राम पंचायत फत्तूपुरा (वार्ड 2) से 01 महिला उम्मीदवार ने पंच पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।

उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में सहयोग दें।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story