फरीदाबाद : नहर में कूदे महिला-पुरूष का नहीं लगा सुराग, तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : नहर में कूदे महिला-पुरूष का नहीं लगा सुराग, तलाश जारी


फरीदाबाद, 12 जुलाई (हि.स.)। फरीदाबाद में आगरा नहर में कूदने वाली महिला और युवक की तलाश रविवार दूसरे दिन भी जारी है। एसडीआरएफ की टीमें नहर के पानी में दोनों की खोज कर रही है। लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। नहर में छलांग लगाने के कारणों का अभी तक साफ तौर से कोई खुलासा नहीं किया गया है। गौरतलब है कि शनिवार शाम एक महिला रश्मि और एक युवक बीपीटीपी थाना क्षेत्र में सेक्टर-75 स्थित आगरा नहर में कूद गए थे। दोनों को कूदते हुए राहगीरों ने देख लिया। जिसके बाद पास के पुलिस बूथ पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों को मामले की सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची । पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवक का नाम आकाश (23) है जो पल्ला थाना इलाके के सेहतपुर का रहने वाला है, जबकि महिला सेक्टर 31 की रहने वाली बताई जा रही है। महिला ब्यूटी पार्लर चलाती है। महिला जिस गाड़ी से मे युवक के साथ आगरा नहर के पास पहुंची थी, उस पर हरियाणा पुलिस का स्टीकर लगा हुआ था। पुलिस की जांच मे सामने आया है कि महिला का भाई हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पहले से एक दूसरे को जानते थे। महिला के पति ने पुलिस को बताया कि बीते सात जुलाई को युवक उनके घर पहुंच गया था, जहां पर पुलिस को बुलाया गया था। युवक महिला का लगातार पीछा करता था। इसे लेकर उनके द्वारा पहले भी पुलिस को शिकायत दी गई थी। पुलिस इस मामले में ज्यादा जानकारी नहीं दे रही है। बीटीपी थाना इंचार्ज प्रदीप कुमार ने बताया कि, दोनों की आगरा नहर में तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी निकलकर सामने आएगा उसकी के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story