फरीदाबाद : मेनगेट काटती रही पुलिस और पीछे के रास्ते से फरार हुए तस्कर

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : मेनगेट काटती रही पुलिस और पीछे के रास्ते से फरार हुए तस्कर


फरीदाबाद, 15 जून (हि.स.)। बल्लभगढ़ में अवैध शराब बेचने की सूचना पर पहुंची पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम को उस समय कड़ी मशक्कत करनी पड़ी,जब संदिग्ध घर में मौजूद लोगों ने दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया। पुलिस ने कई बार दरवाजा खोलने के लिए कहा, लेकिन जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो टीम ने ग्राइंडर से दरवाजे को काटकर और हथौड़े से तोडक़र घर के अंदर प्रवेश किया, लेकिन तब तक तस्कर पीछे के रास्ते फरार हो गए। इसके बाद पूरे मकान की गहन तलाशी ली गई। जानकारी के अनुसार, ऊंचा गांव क्राइम ब्रांच और बल्लभगढ़ सिटी थाना पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि आजाद नगर निवासी लेखराज अपने घर से अवैध शराब बेचने का काम कर रहा है। पुलिस को इस संबंध में कुछ वीडियो भी प्राप्त हुए थे, जिनके आधार पर संयुक्त टीम ने रविवार देर रात छापेमारी की योजना बनाई। जैसे ही पुलिस टीम आरोपी लेखराज के घर पहुंची तो घर के लोगों ने मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने कई बार दरवाजा खोलने के लिए कहा, लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राइंडर और हथौड़े की मदद से दरवाजा तोड़ दिया और घर के अंदर दाखिल हुई। पुलिस ने घर के हर कमरे, अलमारी और अन्य स्थानों की बारीकी से तलाशी ली। हालांकि छापेमारी के दौरान मौके से अवैध शराब बरामद नहीं हुई, लेकिन एक कमरे में रखे बेड के अंदर से एक देसी कट्टा मिला। पुलिस ने अवैध हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव के प्रभारी सुंदर ने बताया कि लेखराज के खिलाफ पहले से अवैध शराब बेचने, आम्र्स एक्ट और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। छापेमारी के दौरान घर में मौजूद लोग पिछले दरवाजे से भाग निकले। मुख्य आरोपी लेखराज भी मौके से फरार हो गया, पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। लगातार मिल रही शिकायतों और वीडियो के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि घर से बरामद देसी कट्टे के संबंध में कानूनी कार्रवाई की जाएगी और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।वहीं बल्लभगढ़ सिटी थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि अवैध शराब बेचने की सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की गई। घर से मिले सामान की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story