फरीदाबाद : निगम की बकायेदारों पर कार्रवाई, 61 यूनिट की सील

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : निगम की बकायेदारों पर कार्रवाई, 61 यूनिट की सील


फरीदाबाद, 25 मार्च (हि.स.)। शहर में प्रॉपर्टी टैक्स जमा न करने वाले बैंक्विट हॉल एवं मैरिज पैलेस संचालकों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए 61 बकायेदारों की प्रापर्टी को सील कर दिया। निगम के आंकड़ों के अनुसार इन इकाइयों पर करोड़ों रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। सबसे अधिक बकाया एनआईटी जोन-2 में सामने आया है, जहां 35 यूनिट्स पर लगभग 2 करोड़ 67 लाख रुपये से अधिक की राशि बकाया पाई गई। वहीं ओल्ड जोन-1 में 12 यूनिट्स पर करीब 36 लाख रुपये से ज्यादा और ओल्ड जोन-2 में 14 यूनिट्स पर लगभग 15 लाख रुपये से ज्यादा का बकाया दर्ज किया गया। सील की गई इन प्रॉपर्टी पर लगभग तीन करोड़ से ज्यादा का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया चल रहा है। नगर निगम की एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने स्पष्ट किया है कि टैक्स न जमा करने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। बकायेदारों को पहले ही नोटिस जारी कर भुगतान के लिए पर्याप्त समय दिया गया था, इसके बावजूद भुगतान न करने पर यह कार्रवाई की गई है । जल्द 131 बैंकिट हॉल पर भी कार्रवाई होगी उनको टैक्स जमा करने के लिए पहले ही नोटिस के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है। निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने कहा कि सभी संपत्ति धारक समय पर अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा करें, अन्यथा उनके खिलाफ भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और बकायेदारों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story