फरीदाबाद : लड़ाई में सुआ लगने से हुई युवक की मौत, पांच गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : लड़ाई में सुआ लगने से हुई युवक की मौत, पांच गिरफ्तार


फरीदाबाद, 14 मई (हि.स.)। पैसों के विवाद में हुए लड़ाई झगड़े में युवक को सुआ मारने के चलते उसकी अस्पताल में हुई मौत के बाद अपराध शाखा सेक्टर-30 पुलिस ने इस मामले में हत्या की धाराएं जोड़ते हुए पांच हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है। सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 वरुण कुमार दहिया ने गुरुवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 11 मई को सांई कॉलोनी, मवई निवासी विरेश उर्फ नन्हे के साथ मारपीट कर, उस पर सूआ से हमला किया गया था। घटनाक्रम के संबंध में भाई मुकेश ने थाना खेडीपुल में दी अपनी शिकायत में बताया कि 11 मई को जब वह अपने भाई विरेश व अन्य के साथ अपने घर के बाहर गली में खडा था तभी वहां पर एक गाडी आयी जिसमें से पाँच लोग अमित उर्फ मोटा, शिवम, अमित, अभिषेक व प्रवीन उतरे और उन्होंने उसके भाई विरेश पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इसी दौरान प्रवीन ने विरेश पर सुआ से वार किया और घटना को अंजाम देकर आरोपित मौके से फरार हो गये। शिकायत पर थाना खेडीपुल में मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि बुधवार को सफदरजंग अस्पताल में ईलाज के दौरान विरेश (27) की मृत्यु हो गई थी। जिस पर मामले में धारा हत्या की जोड़ी गई। अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने सूआ मारने वाले प्रवीन को गिरफ्तार कर चार दिन पुलिस रिमांड पर लिया हुआ है। इसी दौरान अपराध शाखा की टीम ने अन्य चार आरोपितों टीटू कालोनी निवासी अमित उर्फ मोटा (24), शुभम, अमित (22) तथा अभिषेक (19) को भी गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि घटनाक्रम में एक अन्य आरोपित साईन निवासी सेक्टर-29, फरीदाबाद का मृतक विरेश से पैसै का लेन देन था, पहले भी पैसे लेने-देने पर कहासुनी हुई थी। कुछ दिन पहले साईन विरेश से पैसे लेने आय़ा था लेकिन विरेश ने पैसे देने से मना कर दिया। इसी के चलते घटना से 5/6 दिन पहले साईन ने अपने साथी प्रवीन, अमित उर्फ मोटा, शिवम, अमित, अभिषेक के साथ टीटू कॉलोनी में मीटिंग की तथा विरेश की पिटाई करने के लिए अपने साथियों को कहा। जिस पर प्रवीन, अमित उर्फ मोटा, शिवम, अमित, अभिषेक 11 मई को गाडी लेकर शिकायतकर्ता की गली में आये जहां पर उन्होंने विरेश के साथ लाठी डंडो व लोहे की रॉड से मारपीट की, इसी दौरान प्रवीन ने विरेश पर सुआ से वार कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story