फरीदाबाद : रंजिशन हत्या के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : रंजिशन हत्या के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार


फरीदाबाद, 08 अप्रैल (हि.स.)। फरीदाबाद पुलिस द्वारा लगातार संगीन मामलों में संलिप्त आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र के अंतर्गत संतोष नगर में पुरानी रंजिश को लेकर हुई हत्या मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बिहार निवासी सोनू कुमार (23) तथा राकेश (24) के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार संतोष नगर निवासी एक युवती ने थाना सराय ख्वाजा में दी शिकायत में बताया कि 28 मार्च की शाम उसका भाई सोनू (21)अपने दोस्त कृष्णा के साथ मजदूरी पर गया था। अगले दिन सुबह कृष्णा, सोनू को घायल अवस्था में घर लेकर आया। गंभीर हालत के चलते उसे सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसके भाई की मृत्यु हो गई। जिस पर थाना सराय ख्वाजा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि मृतक सोनू का कुछ दिन पहले गिरफ्तार सोनू कुमार के घर से फोन चोरी कर लिया था, जिसके चलते मृतक व सोनू कुमार के पिता परशुराम के साथ झगड़ा/कहासुनी हुई थी। आरोपी इसी बात की मृतक से रंजिश रखता था। 29 मार्च की रात जब मृतक सोनू संतोष नगर में अपने दोस्तों के साथ गली से गुजर रहा था, तब आरोपित सोनू कुमार और उसके भाई मोनू कुमार ने उसे पकड़ लिया। इसी दौरान उनका साथी राकेश भी मौके पर पहुंच गया। तीनों ने मिलकर उसके साथ बुरी तरह मारपीट की और लगी चोटों से उसकी मृत्यु हो गई। आरोपियों को आज अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story