फरीदाबाद : मुजेसर अंडरपास बनने से हजारों लोगों को मिलेगी जाम से राहत : मूलचंद शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : मुजेसर अंडरपास बनने से हजारों लोगों को मिलेगी जाम से राहत : मूलचंद शर्मा


मुजेसर अंडरपास निर्माण कार्य का भूमि पूजन 42 करोड़ से ज्यादा की लागत से 18 महीने में होगा तैयार

फरीदाबाद, 29 मई (हि.स.)। बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए शुक्रवार को मुजेसर रेलवे फाटक पर बनने वाले बहुप्रतीक्षित अंडरपास निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर बल्लभगढ़ से विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरियाणा पं. मूलचंद शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। भूमि पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, उद्योगपति, भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस मौके पर विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि मुजेसर रेलवे फाटक क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी। यह रेलवे फाटक देश की आजादी से पहले का बना हुआ है और यहां हर रोज हजारों लोगों का आवागमन होता है। लंबे समय से लोगों को रेलवे फाटक बंद रहने के कारण भारी जाम, समय की बर्बादी और दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। कई बार रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसे भी हो चुके हैं। अब अंडरपास बनने के बाद लोगों को इन सभी परेशानियों से स्थायी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस अंडरपास के निर्माण से गांव मुजेसर सहित उद्योग क्षेत्र सेक्टर-24, 25, 22, 23 से लेकर सेक्टर-55 तक के लोगों को सीधा लाभ पहुंचेगा। इसके साथ-साथ उद्योग क्षेत्र में आने-जाने वाले कर्मचारियों, व्यापारियों और आम नागरिकों का आवागमन भी सुगम होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर रही है और जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बल्लभगढ़ क्षेत्र में लगातार बड़े विकास कार्य किए जा रहे हैं। मुजेसर अंडरपास परियोजना बल्लभगढ़-सोहना रोड रेलवे ओवरब्रिज के बाद दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट है। इसी प्रकार आज से मुजेसर अंडरपास निर्माण कार्य को भी तेज गति के साथ शुरू कर दिया गया है। जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 42 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी तथा निर्माण कार्य लगभग 18 महीने में पूरा कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story