फरीदाबाद का रूस के ब्यूनस्की म्युनिसिपल डिस्ट्रिक्ट के साथ हुआ एमओयू

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद का रूस के ब्यूनस्की म्युनिसिपल डिस्ट्रिक्ट के साथ हुआ एमओयू


फरीदाबाद, 18 मार्च (हि.स.)। नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में बुधवार को फरीदाबाद नगर निगम एवं रूस के तातारस्तान गणराज्य के ब्यूनस्की म्युनिसिपल डिस्ट्रिक्ट के बीच आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर फरीदाबाद के महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर नगर निगम फरीदाबाद एवं हरियाणा सरकार की जनहितकारी नीतियों, विकास कार्यों एवं नवाचारों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया। इन पहलों से प्रभावित होकर दोनों देशों के महापौरों एवं प्रतिनिधियों ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग, तकनीकी ज्ञान एवं अनुभव के आदान-प्रदान के उद्देश्य से इस एमओयू को अंतिम रूप दिया। महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि यह फरीदाबाद के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि भारत का एक प्रमुख नगर निगम होने के नाते फरीदाबाद ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह महत्वपूर्ण समझौता किया है। उन्होंने बताया कि यह एमओयू तीन वर्षों की अवधि के लिए किया गया है, जिससे आने वाले समय में शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी। यह समझौता शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन, तकनीकी सहयोग, निवेश एवं शहरी विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त गतिविधियों को बढ़ावा देगा, जिससे आने वाले समय में दोनों शहरों के नागरिकों को व्यापक लाभ प्राप्त होगा। रूस के प्रतिनिधियों एवं महापौरों ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल का विशेष रूप से धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने भारत की प्रगतिशील नीतियों एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण की सराहना की। महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि यह समझौता फरीदाबाद को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ शहर के सतत एवं समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story