फरीदाबाद : टेक महिंद्रा के पूर्व एशिया हेड के हत्यारोपी के घर से 300 कारतूसों के खोल बरामद

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : टेक महिंद्रा के पूर्व एशिया हेड के हत्यारोपी के घर से 300 कारतूसों के खोल बरामद


फरीदाबाद, 14 नवंबर (हि.स.)। फरीदाबाद में टेक महिंद्रा के पूर्व एशिया हेड परमजीत धनखड़ (42) के हत्यारोपी को लेकर नया खुलासा हुआ है। क्राइम ब्रांच की टीम मोनू को जब उसके घर लेकर पहुंची तो घर की तलाशी के दौरान यहां 300 कारतूसों के खोल मिले हैं। इसके बाद उससे इनके बारे में पूछताछ की गई तो आरोपी बोला- मुझे हवा में गोलियां चलाने से खुशी मिलती थी। जांच में यह भी खुलासा हुआ, मोनू शराब पीने के बाद अपनी लाइसेंसी पिस्टल से आसमान में गोलियां चलाता था। पड़ोसियों ने भी कई बार रात में गोलियां चलने की आवाज सुनने की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी लाइसेंस रिन्यू कराने के दौरान कारतूसों के रिकॉर्ड में हेरफेर करता था। अब पुलिस कारतूसों की खरीद, इस्तेमाल और सप्लाई के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। क्राइम ब्रांच की टीम जांच के लिए शुक्रवार को आरोपी मोनू शर्मा को लेकर उसके घर पहुंची थी। उसकी मौजूदगी में घर की तलाशी ली गई। इस दौरान करीब 300 खाली कारतूस के खोल और 5 जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने सभी कारतूस कब्जे में ले लिए हैं। इसके अलावा आरोपी का हथियार लाइसेंस और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जब्त की गई है। पड़ोस में रहने वाले रविंद्र का कहना है कि उन्होंने कई बार रात में गोलियां चलने की आवाज सुनी थी। हालांकि, पहले किसी ने इसकी शिकायत पुलिस में नहीं की थी। अब पुलिस पता लगा रही है कि 300 खाली खोल कितने समय में जमा हुए और आरोपी किस-किस मौके पर हवाई फायरिंग करता था। पुलिस के मुताबिक, मोनू के लाइसेंस पर साल में 30 कारतूस खरीदने की अनुमति थी। लाइसेंस रिन्यू कराने के दौरान कारतूसों का हिसाब देना होता है। इस्तेमाल किए गए कारतूसों के खाली खोल और उनके इस्तेमाल का कारण भी बताना पड़ता है। शुरुआती जांच में आशंका है कि आरोपी एडिशनल कारतूस ब्लैक मार्केट से खरीदता था और लाइसेंस रिन्यू कराने के समय रिकॉर्ड में हेरफेर करता था। पुलिस अब पता लगा रही है कि इस काम में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। गौरतलब है कि फरीदाबाद के सेक्टर-21 सी में 6 नवंबर को धनतेरस की रात परमजीत की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मोहन उर्फ मोनू शर्मा को गिरफ्तार किया था।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776849 Articles

Share this story