फरीदाबाद : पहले से बेहतर बनेगी सेक्टर की सडक़ें : मूलचंद शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : पहले से बेहतर बनेगी सेक्टर की सडक़ें : मूलचंद शर्मा


भाजपा विधायक ने किया विकास कार्याे का निरीक्षण

फरीदाबाद, 13 मार्च (हि.स.)। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने शुक्रवार को दौलत कॉलोनी में बन रही नई आरएमसी सडक़ और नालियों के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और ठेकेदार को कार्य की गुणवत्ता और समय सीमा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक ने शिव सैनी धर्मशाला के पास एक सुंदर और व्यवस्थित चौराहा विकसित करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही उन्होंने दौलत कॉलोनी से मोहना रोड की एंट्री को आकर्षक और सुगम बनाने की बात कही, ताकि यह मार्ग आसपास के सेक्टरों के लिए एक प्रमुख प्रवेश मार्ग बन सके। विधायक मूलचंद शर्मा ने बताया कि यह रास्ता सेक्टर 64, 65, 62, 63 और 61 की ओर जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण है और इसे बेहतर व सुंदर बनाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोहना रोड से ऊंचा गांव होते हुए सेक्टरों की ओर जाने वाली सडक़ का चौड़ीकरण किया जा चुका है, जिससे अब सेक्टरों का संपर्क मोहना रोड से पहले की तुलना में काफी बेहतर हो गया है। उन्होंने बताया कि पहले यहां से सेक्टरों की ओर जाने के लिए संकरी और छोटी सडक़ थी। जिसके कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी। अब सडक़ के चौड़ा होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। इस मौके पर पीडब्ल्यूडी, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। विधायक मूलचंद शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कर सडक़ को आमजन के लिए खोलने की दिशा में तेजी से काम किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story