फरीदाबाद : अवैध कब्जे करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करे निगम : मूलचंद शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : अवैध कब्जे करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करे निगम : मूलचंद शर्मा


विधायक ने बल्लभगढ़ में ली नगर निगम व संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक

फरीदाबाद, 16 अप्रैल (हि.स.)। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा ने गुरुवार को बल्लभगढ़ सचिवालय में नगर निगम तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में बल्लभगढ़ क्षेत्र में नगर निगम द्वारा चल रहे विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा, एसडीएम मयंक भारद्वाज, जॉइंट कमिश्नर करण सिंह भदौरिया सहित नगर निगम और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा एफएमडीए, पीडब्ल्यूडी और बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। यह बैठक बल्लभगढ़ मिनी सचिवालय में आयोजित की गई। बैठक के दौरान विधायक पं.मूलचंद शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी पार्षदों के वार्ड में दो-दो करोड़ रुपये के विकास कार्यों की फाइलें तुरंत तैयार की जाएं, ताकि विकास कार्यों को समय पर शुरू किया जा सके। उन्होंने शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि बरसात के मौसम से पहले सीवरेज लाइनों और नालों की समुचित सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि किसी भी एस्टीमेट को बनाने में लापरवाही अथवा देरी की तो उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा, उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखें। साथ ही उन्होंने कहा कि साफ सफाई व्यवस्था का निरीक्षण भी समय समय पर करते रहे। इस अवसर पर टिपरचंद शर्मा, पार्षद योगेश शर्मा, पार्षद रवि भगत, पार्षद सोनू वैष्णव, पार्षद महेश गोयल, पार्षद दीपक यादव, पार्षद पवन यादव, पार्षद मुकेश डागर, पार्षद प्रतिनिधि जयप्रकाश मास्टर तथा पार्षद प्रतिनिधि ज्ञानेंद्र भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story