फरीदाबाद : किशोरी को भगाने के आरोप में युवक की पीट-पीटकर हत्या

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : किशोरी को भगाने के आरोप में युवक की पीट-पीटकर हत्या


फरीदाबाद, 22 मई (हि.स.)। बल्लभगढ़ के तिगांव थाना क्षेत्र में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। 21 वर्षीय मोनू भिवाड़ी के सैदपुर गांव का रहने वाला था। मृतक के परिजनों ने किशोरी के परिजनों पर इज्जत की खातिर पीट-पीटकर हत्या करने का मामला दर्ज कराया है। बीके अस्पताल में शुक्रवार को शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा गया। युवक मोनू के चाचा नरेंद्र ने बताया कि मोनू पर तिगांव के अधाना पट्टी निवासी कुलभूषण ने एक एफआईआर 19 अप्रैल को अपनी बेटी को भगाकर ले जाने के मामले में दर्ज कराई थी। बताया गया कि ये ऑनर किलिंग का मामला है। मृतक के खिलाफ लडक़ी को भगा ले जाने का मामला दर्ज था। लडक़ी के मामा सैदपुर में रहते हैं। लडक़ी वहां जाती थी। दोनों में प्रेम-प्रसंग हो गया। लडक़ी के परिजनों ने बेरहमी से मर्डर किया है। मोनू 17 मई को घर से निकला था और 20 मई को मरणासन्न हालत में लडक़ी के घर के बाहर पड़ा था। मोनू (21 वर्ष) पुत्र भीम सिंह ने अभी 12वीं की परीक्षा 70 फीसद अंक से पास की थी। उसने स्कूल की तरफ से स्टेट लेवल पर बैडमिंटन चैम्पियनशिप में हिस्सा लिया था। जिला स्तर पर उसके पास कई मेडल भी थे। मोनू दो भाई थे और पिता भीम सिंह ड्राइवर है। वहीं पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story