फरीदाबाद : पत्नी के अफेयर से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : पत्नी के अफेयर से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान


फरीदाबाद, 02 नवंबर (हि.स.)। पत्नी के अफेयर से परेशान युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी का किसी दूसरे युवक से अफेयर था और दो महीने पहले उसने अपनी पत्नी को उसी युवक के साथ घूमते हुए देखा था। मृतक की छह माह पूर्व ही शादी हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा मामले की जांच शुरु कर दी है। मृतक की पहचान नेहरू कॉलानी निवासी सतबीर (22) के रुप में हुई है। उसके चचेरे भाई शिवा ने बताया कि करीब 6 महीने पहले सतबीर और उसके छोटे भाई कमल (20) की शादी हुई थी। सतबीर की पत्नी वंदना और उसका परिवार मूल रूप से गाजियाबाद का रहने वाला है। फिलहाल वे सेक्टर-22 की मच्छी मार्केट में रह रहे हैं। सतबीर के पिता गोवर्धन बाटा फ्लाईओवर के नीचे जूतों की फड़ लगाते हैं। सतबीर भी उनके साथ काम करता था। शिवा के मुताबिक, सतबीर सुनने और बोलने में असमर्थ था। इसके बावजूद वह पिता के साथ जूते बेचने का काम करता था। उसका छोटा भाई कमल पत्नी के साथ अपने ससुराल में रह रहा था। मौत से एक दिन पहले उसकी सतबीर से बात हुई थी। वह काफी समय से परेशान था, क्योंकि पत्नी वंदना मायके से ससुराल लौटने को तैयार नहीं थी। शिवा के मुताबिक, रविवार शाम सतबीर घर के कमरे में अकेला था। उसकी मां बाजार गई हुई थी। वापस लौटने पर वह उसे देखने के लिए ऊपर कमरे में पहुंची तो सतबीर फंदे से लटका मिला। आस-पास के लोगों ने उसे नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिवा का आरोप है कि वंदना किसी दूसरे युवक के संपर्क में थी। करीब 2 महीने पहले सतबीर ने दोनों को एक साथ घूमते देख लिया था। इसके बाद वंदना मायके चली गई। सतबीर ने उसे वापस लाने के लिए कई बार मनाया, लेकिन वह लौटने को तैयार नहीं हुई। शनिवार को सतबीर पत्नी को लेने उसके मायके गया था। आरोप है कि वहां ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इस घटना के बाद से वह और ज्यादा परेशान था। सैनिक कॉलोनी चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर नीरज शर्मा ने बताया कि परिवार की ओर से पत्नी को लेकर कोई शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771148 Articles

Share this story