फरीदाबाद : पत्नी से विवाद में युवक ने नहर में लगाई छलांग

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : पत्नी से विवाद में युवक ने नहर में लगाई छलांग


फरीदाबाद, 02 अक्टूबर (हि.स.)। सेक्टर-29 पुल पर शुक्रवार को समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने पत्नी के सामने आगरा नहर में छलांग लगा दी। युवक की पहचान सेक्टर-29 निवासी पवन के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने नहर में उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर तक उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस के मुताबिक पवन अपनी पत्नी डिंपल के साथ सेक्टर-29 में रहता है और नजदीक की एक फैक्ट्री में नौकरी करता है।

शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद पवन ड्यूटी के लिए चला गया, लेकिन वहां से भी पत्नी के साथ फोन पर उसकी बहस जारी रही। दोपहर में पवन मोटरसाइकिल लेकर सेक्टर-29 पुल पर पहुंच गया। वहां से उसने पत्नी को फोन कर बताया कि वह आगरा नहर में छलांग लगाने जा रहा है। पति की बात सुनकर डिंपल तुरंत घर से निकली। उसने अपनी बहन को भी घटना की जानकारी दी। बहन ने अपने पति को भी पुल पर पहुंचने के लिए कहा। डिंपल जब पुल पर पहुंची तो पवन नहर के किनारे खड़ा था। उसने दूर से ही पति को समझाने की कोशिश की। पवन ने उसे चेतावनी दी कि अगर वह पास आई तो वह नहर में कूद जाएगा। डिंपल उससे दूर खड़े होकर लगातार बातचीत करती रही। इसी दौरान उसकी बहन का पति भी मौके पर पहुंच गया और पवन को रोकने का प्रयास किया। परिजनों की समझाने के बावजूद पवन नहीं माना। जैसे ही डिंपल ने उसकी तरफ आगे बढऩे की कोशिश की, उसने नहर में छलांग लगा दी। पत्नी की आंखों के सामने ही वह पानी में समा गया। नहर के किनारे नहा रहे दो युवकों ने उसे बचाने और पकडऩे की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही खेडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आगरा नहर में युवक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस और अन्य टीमों द्वारा नहर में संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल पवन का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story