फरीदाबाद : बीके अस्पताल में लिफ्ट बंद होने से मरीज की मौत

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : बीके अस्पताल में लिफ्ट बंद होने से मरीज की मौत


फरीदाबाद, 30 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद के बीके सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक के साथ आए उसके मकान मालिक और पड़ोसियों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अस्पताल की लिफ्ट बंद होने के कारण मरीज को रैंप के रास्ते तीसरी मंजिल पर ले जाया जा रहा था और इसी दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार फरीदाबाद के सेक्टर-23 स्थित संजय कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाले फैज अहमद की सोमवार को अचानक तबीयत खराब हो गई थी। तबीयत बिगडऩे पर उसके मकान मालिक और पड़ोसी उसे तुरंत इलाज के लिए बीके सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने मरीज को तीसरी मंजिल पर बने हृदय केंद्र में दिखाने की सलाह दी। मृतक के साथ आए मकान मालिक और पड़ोसी गोपाल राय ने बताया कि जब वे लोग मरीज को लेकर ओपीडी की लिफ्ट के पास पहुंचे तो उन्हें पता चला कि लिफ्ट काम नहीं कर रही है। इसके बाद मजबूरी में मरीज को रैंप के रास्ते तीसरी मंजिल पर ले जाने लगे। गोपाल राय बताया कि मरीज की हालत पहले से ही गंभीर थी और तीसरी मंजिल तक ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। गोपाल राय का कहना है कि मरीज की हालत बहुत खराब थी और लिफ्ट बंद होने के कारण उन्हें अस्पताल में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उनका आरोप है कि अगर लिफ्ट सही तरीके से काम कर रही होती तो मरीज को जल्दी ऊपर ले जाया जा सकता था और संभव है कि उसकी जान बच जाती। उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। बताया जा रहा है कि फैज अहमद फरीदाबाद में किराए के मकान में अकेले रहते थे, जबकि उनका परिवार बिहार में रहता है। जब उनकी तबीयत अचानक खराब हुई तो मकान मालिक और पड़ोसी ही उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे। इस संबंध में बीके सिविल अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर विकास गोयल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। यदि इस मामले में परिवार की ओर से कोई शिकायत मिलती है और जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो उसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story