फरीदाबाद : महिला आयोग की बैठक में हंगामा, दो पक्ष भिड़े
फरीदाबाद, 08 जून (हि.स.)। फरीदाबाद में सोमवार को महिला आयोग की जनसुनवाई के दौरान दो पक्षों में हाथापाई की नौबत आ गई। दोनों पक्ष आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया के सामने ही एक दूसरे को धक्का मारते हुए नजर आए। जिसके बाद एकदम से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जिसके बाद मौके पर संबधित थाने की पुलिस को बुलाकर एक शख्स को लेकर जाया गया। धक्का-मुक्की की इस घटना का एक वीडियों भी सामने आया है। सेंट्रल थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। फरीदाबाद के नंबर 5 के रहने वाले मन्नु ने जानकारी देते हुए बताया कि उसकी बहन प्रीती को दिल्ली द्वारिका के रहने वाले गुरप्रीत ने शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया। कई सालों तक वह उसको बहकाता रहा, इस दौरान उसने उसकी बहन से कई तोले सोना कब्जा लिया। पीडिता ने महिला आयोग को बताया कि साल 2021 में उसने विदेश जाने के लिए वीजा लिए अप्लाई किया था। लेकिन वो रिजेक्ट हो गया, जिसके बाद उसकी बात किसी के द्वारा गुरूप्रीत से हुई। इसके बाद उनकी लगातार बात होती रही और इसके बाद नवंबर 2022 में गुरप्रीत ने उसको शादी के लिए बोल दिया। पीडिता का कहना है कि उसने अपने तलाक के बारे में उसी समय गुरप्रीत को बता दिया था। पीडिता ने कहा कि दिसंबर 2024 तक गुरप्रीत और परिवार के लोगों को मेरी और उसकी शादी को लेकर कोई दिक्कत नही थी। लेकिन इसके बाद इन्होंने शादी करने से मना कर दिया। आरोप है कि इस दौरान गुरूप्रीत ने उससे कई तोला सोना भी ले लिया और अब ना शादी कर रहे और ना ही सोना वापस किया जा रहा है। जनसुनवाई के दौरान गुरप्रीत के चाचा ने गुरमीत ने लडक़ी के भाई के कंधे पर हाथ से थपकी देकर देख लेने की बात कही। जिसके बाद दोनों तरफ से एक दूसरे के साथ धक्का-मुक्की करने की कोशिश शुरू हो गयी। पूरी बैठक में अचानक से हंगामा हो गया। इसके बाद तुंरत पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग किया। सेंट्रल थाना पुलिस गुरप्रीत के चाचा गुरमीत को पकडक़र थाने ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

