फरीदाबाद : होटल में महिला की हत्या करने वाला आरोपित प्रेमी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : होटल में महिला की हत्या करने वाला आरोपित प्रेमी गिरफ्तार


पैसे मांगने पर हुआ था दोनों के बीच विवाद

फरीदाबाद, 02 नवंबर (हि.स.)। बल्लभगढ़ की चावला कॉलोनी स्थित एक होटल में महिला की हत्या के मामले में फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा डीएलएफ ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शिव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि महिला द्वारा खर्चे के लिए पैसे मांगने पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद में आरोपी ने पहले महिला का हाथों से गला दबाया और फिर उसकी साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी होटल से फरार हो गया था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी करीब चार साल पहले काम की तलाश में फरीदाबाद आया था और सिकरी में किराये पर रहने लगा था। मृतका और आरोपित एक ही बिल्डिंग में ऊपर नीचे रहते थे। इसी दौरान करीब दो साल पहले दोनों की जान-पहचान हुई थी। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपित ने होटल में रुकने के लिए अपनी आईडी ना दिखाकर, अपने गांव के ही एक शेखर नाम के व्यक्ति का पहचान पत्र दिखाकर एंट्री कराई थी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एक नवंबर को थाना शहर बल्लभगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत चावला कॉलोनी स्थित एक होटल के संचालक सागर निवासी संजय कॉलोनी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 31 अक्टूबर की सुबह शेखर कुमार निवासी जिला मुंगेर, बिहार तथा मुंगेर, बिहार निवासी एक महिला होटल में आए थे। दोनों ने होटल में कमरा लिया था।दोपहर करीब 2 वह व्यक्ति खाना लेने जाने की बात कहकर होटल से बाहर चला गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। उसी दिन रात करीब 9:30 बजे होटल के सफाई कर्मचारी ने कमरे में जाकर देखा तो महिला मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शिकायत के आधार पर थाना शहर बल्लभगढ़ में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story