फरीदाबाद : लोन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, दो खाताधारक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : लोन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, दो खाताधारक गिरफ्तार


फरीदाबाद, 28 सितंबर (हि.स.)। लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने दो खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित जुड़वा भाई है। दोनों आरोपितों को सोमवार अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस प्रवक्ता अनुसार पर्वतीय कॉलोनी फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में दी अपनी शिकायत में बताया कि मई 2026 में उसके पास एक अंजान नंबर से कॉल आया जिसने उसे लोन दिलाने का आॉफऱ दिया और कहा कि उसे इस लोन के अलावा कोई भी शुल्क नही देना पडेगा परंतु कथित व्यक्ति ने शिकायतकर्ता को लोन 15.8 प्रतिशत की दर पर दिलाया और 22,000 रुपये का एक अन्य शुल्क भी लगा दिया। इस तरह इस ब्याज की दर व 22,000 रुपये रिफंड दिलाने के नाम पर कथित व्यक्ति ने शिकायतकर्ता से 2,00,000 रुपये ट्रांसफर करवा लिये। जिसके बाद उसे कोई पैसा वापस नही मिला, जिस शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई। उन्होंने बताया कि साइबर थाना एनआईटी की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो खाताधारकों को साकेत मेट्रो स्टेशन दिल्ली से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है जिनके नाम शुभ व शुभांश वासी महरौली दिल्ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपित जुड़वा भाई है। शुभ के खाता में ठगी के 1,80,000 रुपये व शुभांश के खाता में 20,000 रुपये आये थे। शुभ बीटेक व शुभांश बीबीए की पढाई कर रहा है। एक अन्य मामले में रीसाइक्लिंग प्रोजेक्ट में निवेश करने के नाम पर एक लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने खाताधारक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान ऋषभ सिकरवार निवासी धौलपुर राजस्थान को आगरा उत्तर प्रदेश के रुप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-7 बल्लभगढ वासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ में दी अपनी शिकायत में बताया कि वह इंस्टाग्राम पर सर्फिंग कर रहा था तभी इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन का एक विज्ञापन देखा, जिस पर क्लिक करते ही वह एक व्हॉट्सएप चैट में पहुंचा जहा उसकी बात एक जापानीज महिला से हुई, जिसने उसे टाटा कंपनी के साथ रीसाइक्लिंग प्रोजेक्ट में निवेश कर 300 प्रतिशत मुनाफा कमाने का झांसा देकर उससे 1 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिये, जिसकी शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपित ने खाताधारक संदीप का खाता शिवम से लेकर आगे किसी को उपलब्ध करवाया था, आरोपी बी.एस.सी पास है व स्टील कोइल ट्रेडिंग का काम करता है। आरोपी को न्यायलय में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story