फरीदाबाद : निजी कंपनी में लिफ्ट में दबकर हुई युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : निजी कंपनी में लिफ्ट में दबकर हुई युवक की मौत


फरीदाबाद : निजी कंपनी में लिफ्ट में दबकर हुई युवक की मौत


फरीदाबाद, 28 नवंबर (हि.स.)। फरीदाबाद स्थित एक निजी कंपनी में माल ढोने वाली लिफ्ट में दबने से 31 वर्षीय कर्मचारी की मौत हो गई। हादसा देखकर कंपनी के कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह उसे लिफ्ट से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस और मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी विपिन के रूप में हुई है।

परिजनों के मुताबिक, विपिन की शादी महज पांच महीने पहले हुई थी। वह करीब दो महीने पहले ही रोजगार की तलाश में फरीदाबाद आया था। मृतक के जीजा ने आरोप लगाया कि काम के दबाव के चलते विपिन को माल ढोने वाली लिफ्ट का इस्तेमाल करना पड़ा। काम जल्द पूरा करने की हड़बड़ी में यह हादसा हुआ। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। राजेश के मुताबिक, वह भी इस कंपनी में काम करता है। करीब दो महीने पहले ही उसका साला विपिन रोजगार की तलाश में फरीदाबाद आया था। यहां सेक्टर-58 स्थित एक निजी कंपनी में काम करने लगा था। शुक्रवार शाम काम के दौरान विपिन माल ढोने वाली लिफ्ट में दब गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। कंपनी की ओर से परिवार को इसकी जानकारी दी गई। परिवार जब मौके पर पहुंचा तो पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम हाउस भेज चुकी थी।

कंपनी में काम का दबाव होने का आरोप

राजेश का आरोप है कि कंपनी में कर्मचारियों पर काम का काफी दबाव रहता था। इसी दबाव के चलते कर्मचारियों को माल ढोने वाली लिफ्ट का इस्तेमाल करना पड़ता था। उनका कहना है कि काम जल्द पूरा करने की हड़बड़ी में विपिन को भी इस लिफ्ट का इस्तेमाल करना पड़ा। राजेश ने बताया कि विपिन की शादी करीब पांच महीने पहले ही हुई थी। वह अपने परिवार का भविष्य संवारने और नई गृहस्थी की जिम्मेदारियां उठाने के लिए नौकरी कर रहा था। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सेक्टर-58 थाना पुलिस के एएसआई नेत्रपाल ने बताया कि युवक की माल वाहक लिफ्ट में फंसने से मौत होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें कंपनी प्रबंधन की कोई लापरवाही रही है या नहीं, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784572 Articles

Share this story