फरीदाबाद : तीन दिन से लापता युवक को पुलिस ने तलाशा

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : तीन दिन से लापता युवक को पुलिस ने तलाशा


आगरा नहर के पास मोबाइल में बाइक छोड़कर हुआ था लापता

फरीदाबाद, 20 नवंबर (हि.स.)। घरेलू परेशानियों के चलते 17 नवंबर को घर से लापता हुए 24 वर्षीय अरमान को थाना खेड़ीपुल पुलिस ने शुक्रवार को सकुशल तलाश कर परिजनों के हवाले कर दिया। युवक के लापता होने के बाद परिजन काफी परेशान थे। दरअसल, अरमान ने घर छोड़ने से पहले एक वीडियो बनाकर अपने पिता को व्हाट्सएप पर भेजा था, जिसमें उसने नहर में कूदकर आत्महत्या करने की बात कही थी। इसके बाद पुलिस और परिजनों की चिंता बढ़ गई थी।

जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर की सुबह अरमान के लापता होने की शिकायत मिलने पर थाना खेड़ीपुल में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसडीआरएफ टीम की मदद से आगरा कैनाल में भी सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन वहां से कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद थाना खेड़ीपुल पुलिस की टीम ने युवक की तलाश के लिए लगातार प्रयास जारी रखे। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि अरमान फरीदाबाद में ही मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे थाना खेड़ीपुल क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि अरमान घरेलू परेशानियों से तंग आकर घर छोड़कर चला गया था और पिछले तीन-चार दिनों से फरीदाबाद में ही इधर-उधर घूम रहा था। इस दौरान वह ऑटो में बैठकर अलग-अलग स्थानों पर जाता रहा। युवक की सकुशल बरामदगी के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और उसे उनसे मिलवा दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780279 Articles

Share this story