फरीदाबाद : मानसिक तनाव के चलते युवती ने की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now

फरीदाबाद, 07 अप्रैल (हि.स.)। मानसिक तनाव के चलते एक युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार आदर्श नगर की गली नंबर एक में रहने वाली 20 वर्षीय चंचल ने इलेक्ट्रिकल ट्रेड से आईटीआई कर रखी थी। वह ढाई साल पहले से गली में रहने वाले जतिन नामक युवक से प्रेम करती थी। 25 जून 2025 को दोनों ने कोर्ट में शादी कर ली। शादी के बाद चंचल पति के घर रहकर जीवन निर्वाह करने लगी। उधर, गैर जाति में विवाह करने के बाद लडक़ी के स्वजन उससे नाराज रहने लगे और संबंध विच्छेद कर लिया। एक ही गली में रहते हुए माता-पिता द्वारा उपेक्षित किए जाने के कारण युवती मानसिक तौर पर बहुत ज्यादा परेशान रहने लगी थी। जतिन ने अपनी पत्नी को कई बार समझाया कि कुछ समय बाद सब ठीक हो जाएगा। जतिन ने पुलिस को बताया कि वह बल्लभगढ़ में एक गोदाम पर काम करता है, जहां अक्सर रात को माल उतरता है। सोमवार रात को गोदाम से जब वह घर पहुंचा तो उसकी पत्नी का शव छत में पंखा टांगने वाली कुंडी से चुन्नी के सहारे झूल रहा था। चंचल को रात को सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया। वहां से शव बादशाह खान अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मंगलवार शव पोस्टमार्टम करवाकर शव स्वजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी शिव कुमार ने बताया कि मृतका के पिता और पति दोनों के बयान लेने के बाद सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story