फरीदाबाद : होटल में प्रेमिका की हत्या कर प्रेमी हुआ फरार

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : होटल में प्रेमिका की हत्या कर प्रेमी हुआ फरार


फरीदाबाद, 01 नवंबर (हि.स.)। फरीदाबाद में एक होटल रूम में 35 वर्षीय युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। युवती शनिवार को अपने प्रेमी के साथ होटल में आई थी। दोनों ने कपल बताकर कमरा नंबर 201 बुक कराया और दिनभर कमरे में ही रहे। दोपहर में दोनों ने साथ खाना भी खाया। देर रात होटल कर्मचारी ने कमरे का दरवाजा खुला देखा। अंदर गया तो युवती बेड पर मृत पड़ी थी, जबकि उसके साथ आया युवक मौके से गायब था। कर्मचारी ने शोर मचाया तो होटल मैनेजर और अन्य स्टाफ वहां पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस युवती को तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस को आशंका है कि युवती की गला घोंटकर हत्या की गई है। फिलहाल आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। युवती की पहचान बिहार के खडग़पुर की रहने वाली चांदनी (35) के रूप में हुई है। उसके साथ आए युवक ने अपना नाम शेखर दर्ज करवाया। वह भी बिहार का ही रहने वाला बताया जा रहा है। मामला बल्लभगढ़ में मथुरा रोड स्थित होटल का है। पुलिस को होटल कर्मचारियों ने बताया कि चांदनी शनिवार सुबह शेखर (39) के साथ होटल पहुंची थी। दोनों को होटल के कमरा नंबर 201 में ठहराया गया था। दोनों ने खुद को कपल बताया था। दोपहर के समय दोनों बाहर से खाना भी लेकर आए थे। गेस्ट हाउस स्टाफ के मुताबिक रात की शिफ्ट में काम करने वाला कर्मचारी कमरे की तरफ गया तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर महिला बेड पर बेसुध पड़ी हुई थी, जबकि शेखर वहां से गायब था। होटल कर्मचारी ने शेखर को वहां से गायब देखकर युवती को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने हिला-डुलाकर उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं उठी। संदेह होने पर कर्मचारी ने शोर मचाकर होटल मैनेजर और दूसरे स्टाफ को बुलाया। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। साथ ही शव को कब्जे में लेकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया। शहर थाना इंचार्ज उमेश कुमार के मुताबिक महिला के गले पर निशान मिले हैं। महिला बेड पर लेटी हुई थी। महिला के हाथों में काफी चूडिय़ां पहनी हुई थी। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारण पता चल पाएंगे। महिला के साथ आए लापता युवक की तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770686 Articles

Share this story