फरीदाबाद : युवती का अपहरण,मारपीट और लूटपाट करने वाला आरोपी गिरफ्तार
वारदात में इस्तेमाल ईको गाड़ी, सोने का लॉकेट व बीयर की बोतल बरामद
फरीदाबाद, 29 अगस्त (हि.स.)। आईएमटी चौक से ईको गाड़ी में एक युवती का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने तथा गले से सोने का लॉकेट लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने तकनीकी सहायता व गुप्त सूत्रों की सूचना पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान योगेश नरवत निवासी गांव खेड़ी कलां थाना बीपीटीपी फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि 10 अगस्त की शाम को गांव चंदावली के पास आईएमटी चौक क्षेत्र से एक नामालूम ईको गाड़ी चालक द्वारा एक युवती का अपनी गाड़ी में अपहरण कर लिया गया था। आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की और उसके गले से सोने का लॉकेट लूटकर फरार हो गया था। घटनाक्रम के संबंध में युवती की शिकायत पर थाना सदर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई। मामले की गंभीरता के मद्देनजर अपराध शाखा सेक्टर-65 प्रभारी जोगेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी सहायता व गुप्त सूत्रों की सूचना पर आरोपी की पहचान की और आरोपी योगेश नरवत को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस द्वारा जांच को आगे बढ़ाते हुए अदालत के आदेश पर 24 अगस्त को आरोपी की शिनाख्त परेड कराई गई तथा वारदात में प्रयुक्त सामान की बरामदगी के प्रयास किये गए। अपराध शाखा की टीम द्वारा आरोपी योगेश नरवत को अदालत से प्रोडक्शन पर लेकर पूछताछ की गई। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयोग की गई ईको गाड़ी, युवती से लूटा गया सोने का लॉकेट/कंठी तथा युवती को चोट पहुंचाने के लिए प्रयोग की गई बीयर की बोतल को बरामद करने उपरांत उसको जेल भेज दिया गया। पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। इस मामले की वारदात की तरह ही उसके द्वारा वर्ष 2025 में भी थाना तिगांव क्षेत्र के अंतर्गत एक वारदात को अंजाम दिया गया था। जिस संबंध में उसके खिलाफ एक लूट का मामला तिगांव में दर्ज है। इसके अतिरिक्त एक गृहभेदन का मामला भी उसके खिलाफ वर्ष 2020 में थाना खेड़ीपुल में दर्ज हुआ था।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

