फरीदाबाद के भांकरी में कूड़ा डालने के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन
फरीदाबाद, 18 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदाबाद के भांकरी गांव में कूड़ा डालने को लेकर शुरू हुआ विरोध-प्रदर्शन रविवार को भी जारी रहा। सैनिक कॉलोनी, अचीवर्स सोसायटी और भांकरी गांव के सैकड़ों लोग फरीदाबाद गुरुग्राम रोड के किनारे धरने पर बैठे रहे। जबकि शुक्रवार को पुलिस-प्रशासन और नगर निगम ने लोगों को हटाने के लिए भरकस प्रयास किए थे। कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया था। जिनको देर रात छोड़ दिया गया। छोड़े गए लोग दोबारा से धरना स्थल पर आ डटे। पूर्व पार्षद राकेश भड़ाना ने कहा कि अगर अभी भांकरी गांव की जमीन को कूड़ा मुक्त कराने का प्रयास नहीं किया तो इसकी भारी कीमत चुकानी होगी। क्योंकि निगम इसको भी बंधवाड़ी बनाकर छोड़ेगा। निगम के पास निस्तारण को लेकर कोई समाधान नहीं है। वह केवल जमीनों का कूड़े से पाटे जा रहा है। सैनिक कॉलोनी के रहने वाले मूलचंद शर्मा ने कहा कि सैनिक कॉलोनी यहां से केवल एक किलोमीटर दूर है। वहां पर लोगों ने दो से तीन करोड़ के मकान लिए है। अब निगम यहां पर डंपिंग साइट बनाकर उनकी जिंदगी को नर्क बनाना चाहता है। उन्होंने कहा कि डंपिंग साइट नहीं हटने तक वह धरना स्थल पर ही डटे रहेंगे। निगम आयुक्त ने कूड़े की समस्या का निपटान करने के लिए वार्ड स्तर पर निस्तारण की जमीन खोजने को कहा गया। इसके लिए दो दिन का समय दिया गया है। वह दो दिन सोमवार को पूरे हो जाएंगे। ऐसे में हर पार्षद को अपने वार्ड में जगह बतानी होगी। निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह ने कहा कि सभी पार्षदों से सोमवार को जवाब ले लिया जाएगा। इसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

