फरीदाबाद : कूड़ा निस्तारण पर बढ़ा विवाद, केंद्रीय मंत्री से मिले क्षेत्र वासी

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : कूड़ा निस्तारण पर बढ़ा विवाद, केंद्रीय मंत्री से मिले क्षेत्र वासी


फरीदाबाद, 28 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में कूड़े को लेकर हंगामा थमता हुआ नजर नहीं आ रहा है। क्योंकि निगम की ओर से जहां पर कूड़ा डालने और निस्तारित करने की योजना तैयार की जाती है। वहां के लोग भडक़ जाते हैं। इस समस्या को लेकर ही बुधवार को वार्ड-एक के पार्षद मुकेश डागर के साथ सैकड़ों लोग सेक्टर-28 में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के निवास पर पहुंच गए। जहां पर मंत्री ने कहा कि तीन महीने में सारा कूड़ा निस्तारित करने का पूरा प्रयास रहेगा। इसके बाद प्रतापगढ़ में केवल एनआइटी का कूड़ा ही जाएगा। औद्योगिक नगरी से 1200 टन कूड़ा प्रतिदिन निकलता है। जबकि 300 टन ही निस्तारित हो पा रहा है। 300 टन कूड़ा प्रतापगढ़ और मुजेड़ी में निस्तारित हो रहा है। बाकी कचरा शहर की सडक़ों पर अलग-अलग पर डाला जा रहा है। अब निगम ने पिछले माह भांकरी गांव के रकबे में आने वाली जमीन पर कूड़ा डालना शुरू किया था। जिसको लेकर ग्रामीणों ने धरना भी शुरू कर दिया था। इस दौरान उनको हटाने के प्रयास में पथराव भी हुआ। मंगलवार को केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि भाकरी में केवल 20 नंवबर तक ही कूड़ा डलेगा। इसके साथ ही प्रतापगढ़ की क्षमता बढ़ाई जाएगी। जिसके बाद भांकरी गांव के लोग शांत हुए थे। लेकिन प्रतापगढ़ के लोगों की समस्या बढ़ गई थी। लोगों ने केंद्रीय मंत्री से कहा कि पहले ही वहां पर कूड़े का पहाड़ खड़ा हुआ है। अब ऐसे में उसकी क्षमता बढऩे के साथ अधिक कूड़ा भी वहां पर डाला जाएगा। जिससे लोगों की परेशानी और अधिक बढ़ जाएगी। इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि तीन माह के भीतर सभी कलेक्शन प्वाइंट पर निस्तारण का काम शुरू हो जाएगा। इसके बाद से केवल एनआइटी में एनआइटी का ही कूड़ा डाला जाएगा। मंत्री के आश्वासन के बाद भी कुछ लोग शांत नहीं हुए और उनकी गाड़ी के आगे लेट गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी के आगे लेटने वाले लोगों को हिरासत में ले लिया। जिनको सेक्टर-31 थाने ले जाकर कुछ देर बाद छोड़ दिया गया। पार्षद मुकेश डागर का कहना है कि प्रतापगढ़ में पहले ही कूड़े का पहाड़ खड़ा है। ऐसे में लोगों के मन डर बैठ गया था कि वहां पर और अधिक कूड़ा डाला जाएगा। केंद्रीय राज्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया कि तीन माह के भीतर पूरे कूड़े को जीरो करने का प्रयास रहेगा। इसके साथ ही प्रतापगढ़ में केवल एनआइटी का कूड़ा ही डाला जाएगा। वहीं केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर का कहना है कि नगर निगम की ओर से टेंडर लगा दिया गया है। 10 कलेक्शन प्वाइंट पर भी निस्तारण की मशीन लगाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768210 Articles

Share this story