फरीदाबाद : कांग्रेस को मुस्लिम लीग कहें तो अच्छा रहेगा : कृष्णपाल गुर्जर
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कांग्रेस पार्टी पर साधा निशाना
फरीदाबाद, 22 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुझे लगता है कि कांग्रेस अब मुस्लिम लीग हो गई है और अगर इसे मुस्लिम लीग कांग्रेस कहें तो अच्छा रहेगा। गुर्जर शनिवार को सेक्टर-28 स्थित कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति के लिए देश की राष्ट्रीय भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है। वंदे मातरम् के केवल दो छंद गाए जाने को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों पर उन्होंने कहा कि 1937 में मुस्लिम लीग के दबाव में कांग्रेस ने वंदे मातरम् के चार छंदों को हटाकर केवल दो छंदों तक सीमित किया था। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जिन्ना के नेतृत्व वाली मुस्लिम लीग धर्म के आधार पर देश के विभाजन की जिम्मेदार रही, लेकिन आज उसका कोई नेतृत्व नहीं है। इसके बावजूद कांग्रेस उसी रास्ते पर चलती दिखाई दे रही है। कृष्णपाल गुर्जर का यह बयान ऐसे समय आया है जब वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज है। राहुल गांधी के थाने के बाहर प्रदर्शन को लेकर भी कृष्णपाल गुर्जर ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी के नेता का थाने के बाहर धरने पर बैठना शोभा नहीं देता। जिस मामले को लेकर राहुल गांधी प्रदर्शन कर रहे हैं, उसमें सुप्रीम कोर्ट की ओर से कमेटी बनाकर जांच की जा रही है। ऐसे में थाने के बाहर बैठकर धरना देने का क्या औचित्य है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को आत्मचिंतन करने की सलाह दी। वहीं सराय काले खां से डीएमई-केएमपी को जोडऩे वाले मार्ग के ट्रायल के तौर पर खुलने को उन्होंने फरीदाबाद और पलवल के लोगों के लिए बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि इससे दिल्ली जाने वाले लोगों का सफर काफी आसान होगा और फरीदाबाद से सराय काले खां तक पहुंचने में लगने वाला समय करीब 10 से 15 मिनट तक सिमट सकता है। इससे बदरपुर बॉर्डर, आश्रम और कालिंदी कुंज की ओर ट्रैफिक का दबाव भी कम होने की उम्मीद है। कृष्णपाल गुर्जर ने बताया कि इस परियोजना पर 6 हजार करोड़ रुपए से अधिक खर्च हुआ है। कहा कि फरीदाबाद को आने वाले समय में जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी, मंझावली पुल, आरआरटीएस और बल्लभगढ़-पलवलक़ मेट्रो जैसी परियोजनाओं का भी लाभ मिलेगा। आश्रम से सराय ख्वाजा तक जाम खत्म करने के लिए दिसंबर से काम शुरू होने की बात भी उन्होंने कही।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

