फरीदाबाद : प्रदर्शन के नाम पर हिंसा, अराजकता व अभद्र भाषा स्वीकार्य नहीं: कृष्णपाल गुर्जर

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : प्रदर्शन के नाम पर हिंसा, अराजकता व अभद्र भाषा स्वीकार्य नहीं: कृष्णपाल गुर्जर


फरीदाबाद, 28 अक्टूबर (हि.स.)। केन्द्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर देश में अराजकता का माहौल बनाने, संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने और युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन करना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन प्रदर्शन के नाम पर हिंसा, अभद्र भाषा और अराजकता फैलाना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।

वे बुधवार को भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय ‘अटल कमल’, फरीदाबाद में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों की राजनीति का उद्देश्य जनहित के मुद्दों का समाधान करना नहीं, बल्कि किसी भी तरह सत्ता हासिल करना रह गया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के मुद्दे से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाने के नारों तक पहुंच गया। यदि विपक्ष वास्तव में युवाओं के भविष्य को लेकर चिंतित है, तो उसे समस्याओं के समाधान पर चर्चा करनी चाहिए, न कि देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनावों में लगातार मिल रही हार से कांग्रेस बौखला गई है। कांग्रेस और विपक्षी दल युवाओं को गुमराह करके देश में अस्थिरता पैदा करना चाहते हैं, लेकिन उनके ये मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे। देश की जनता सब कुछ देख रही है और वह अराजकता की राजनीति के बजाय विकास, सुशासन और राष्ट्र हित को प्राथमिकता दे रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story